शहर के पॉश इलाके भी जलभराव की चपेट में

Jul 27 2025

ग्वालियर। लगातार हो रही बारिश ने इस साल नगर निगम के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है। शहर का हर इलाका जलमग्न है। शहर के पॉश इलाके भी जलभराव की चपेट में हैं। बरसात के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात यह है कि जलभराव के कारण लोग घरों में कैद होने पर मजबूर हैं। जिन्हें जरूरी काम से घर से बाहर जाना है वे गड्ढों और जलभराव के भारी परेशानी में हैं। वाहनों में पानी भर जाने के कारण वे बंद हो रहे हैं। 
जगह-जगह लोग बरसात में भीगते हुए दुपहिया वाहनों को घसीटते नजर आ रहे हैं। यह हाल कलेक्ट्रेट के पास स्थित सनवैली का भी है। यहां के लोग ईश्वर से रोज प्रार्थना कर रहे हैं कि आज पानी न बरसे। सूरज हमेशा खिला रहे। कलेक्ट्रेट के पास स्थित सनवैली में करीब 900 परिवार निवास करते हैं।
लगातार हो रही बारिश के कारण सनवैली के मुख्य द्वार के बाहर भारी जलभराव हो गया है। यहां पर कहीं-कहीं कमर-कमर तक पानी भरा हुआ है। यहां रहने वाले जिन लोगों के पास बड़े वाहन हैं वे तो इस पानी में से निकल रहे हैं। लेकिन जिनके पास दुपहिया वाहन हैं उनकी मुसीबतें बढ़ गई हैं। ऐसे में बरसात होते ही यहां के लोग अपने-अपने घरों में कैद हो जाते हैं। वहीं जो लोग घर से बाहर हैं वे भी फंस जाते हैं। कारण यह है कि यदि वे जलभराव के बीच घर पहुंचते हैं तो उनके वाहन बंद हो जाते हैं। साथ ही बरसात के कारण हुए गड्ढों में वाहनों के फंसने का खतरा बना रहता है। 
बारिश के कारण शहर की अधिकांश सडक़ों से डंबर गायब हो चुका है। नगर निगम सडक़ों पर लगातार पेच वर्क करा रहा है। इसके चलते सडक़ें और भी खतरनाक हो गई हैं। बारिश के कारण पड़ाव, सिटी सेंटर, ठाटीपुर, मुरार, फूलबाग, शिंदे की छावनी, इंदरगंज, छप्परवाला पुल, फालका बाजार, दौलतगंज, कंपू आदि क्षेत्र की सडक़ों पर गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर नगर निगम द्वारा गड्ढों में गिट्टी डाल दी गई है। यह गिट्टी सडक़ों पर बिखर गई है। इससे इन स्थानों से निकलने वाले वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। गत दिवस फूलबाग चौपाटी के सामने दो जगह धंसक गई थी। यहां पर धंसकी सडक़ में नगर निगम द्वारा गिट्टी भर दी गई है। इसके चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 
इन इलाकों में भरा हुआ है पानी
दीनदयाल नगर, शिवपुरी लिंक रोड, मोतीझील हाइवे, पड़ाव, हजीरा, गोला का मंदिर, सिटी सेंटर सहित तमाम स्थानों पर जलभराव के कारण लोग परेशान हैं। जलभराव से परेशान मोतीझील और शिवपुरी लिंक रोड इलाके में रहने वाले लोगों ने चक्काजाम तक कर दिया था।