बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए निकाय ने उठाए कदम

Jul 26 2025

भितरवार। बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए स्थानीय निकाय ने कदम उठाए हैं। सडक़ों पर आए दिन दुर्घटना में घायल हो रहे गाय बछड़ों को देख सक्रिय हुए नगर परिषद अध्यक्ष ने गौवंश को गौशाला में भिजबाना शुरू कर दिया है। गौवंश को सुरक्षित करने के लिए बीते रोज से शुरू हुई यह प्रक्रिया शनिवार को भी चली। निकाय के कर्मचारी कई गाय बछड़ों को लेकर गौशाला पहुंचे। हालाकि कुछ गौवंश अभी सडक़ों पर रह गया है। जानकारी के अनुसार नगर में पिछले कुछ महीनों से बेसहारा गौवंश दुर्दशा का शिकार बना हुआ है। 
मुख्य बाजार और अन्य सडक़ों पर बैठा यह गौवंश आए दिन दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो रहा हैं। रात और दिन में भारी वाहनों की टक्कर से घायल होकर दम तोड़ रहे और गंभीर घायल हो रहे बेसहारा गाय बछड़ों को देख नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल ने गौवंश संरक्षण के लिए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिस पर शनिवार को सुबह स्वच्छता निरीक्षक विनोद खटीक और अतिक्रमण प्रभारी विनोद बाल्मिकी कर्मचारियों को लेकर घाटमपुर तिराहे पर पहुंचे। जहां से उन्होंने मुख्य मार्ग करैरा तिराहे तक बैठे बेसहारा गौवंश को एकत्रित किया। और उन्हें लेकर मां पार्वती गौशाला लेकर पहुंचे। जहां उन्होंने गौवंश को सुरक्षित किया। 
हालाकि ले जाते कुछ गाय बछड़े इधर उधर गलियों में भाग गए। जिन्हे जल्द ले जाने की बात कर्मचारियों ने कही है। वहीं इससे पूर्व शुक्रवार को भी नगर परिषद अध्यक्ष बेसहारा गौवंश को नगर परिषद द्वारा संचालित गौशाला भिजबाया। अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने कहा कि जब तक गौशाला की क्षमता पूरी नहीं हो जाती तब तक सडक़ों पर बैठे गौवंश को गौशाला ले जाने की प्रक्रिया जारी रहेगी।