फायरिंग में घायलों के बयान नहीं हुए,आरोपियों को पकडऩे पुलिस टीमें दबिश दे रही

Jul 24 2025

ग्वालियर। सिरोल थाना क्षेत्र में गत रात एक मिठाई की दुकान के बाहर हुए विवाद में फायरिंग हो गई। हुरावली तिराहे पर गत देर रात करीब 12:30 बजे हुई इस घटना में राहगीर सहित तीन लोग घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।
मिठाई की दुकान के सामने से हटने की बात कहने भर पर हुए विवाद के बाद गोलियां चलने से घायल हुए लोगों के बयान नहीं हो पा रहे हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और जब पुलिस पूछताछ करने गई तो डॉक्टरों ने बताया कि एक भी बोलने लायक नहीं है। इससे पुलिस अस्पताल से वापस आ गई। 
दूसरी तरफ आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस लगातार जगह-जगह दबिश दे रही है। दोनों पक्षों के खिलाफ पुलिस थानों में पहले से ही मारपीट व चोरी करने जैसे अपराध दर्ज हैं। 
हुरावली पर प्रमोद पाल की मिठाई की दुकान है। गत देर रात को उसकी दुकान के पास धीरज गौड़, नीतेश उर्फ अंजू जाटव तथा इनके दोस्त खड़े थे। मिठाई दुकान के संचालक प्रमोद पाल ने इन लोगों से कहा कि दुकान से थोड़ा दूर खड़े हो जाओ जिससे ग्राहकी प्रभावित न हो। इसी बात पर धीरज गौड़, नीतेश उर्फ अंजू जाटव का प्रमोद पाल से विवाद हो गया। 
विवाद इतना बढ़ा कि पहले धीरज और नीतेश के समूह ने तमंचों से हवाई फायरिंग की। इसके बाद दुकानदार प्रमोद ने अपनी 315 बोर की लाइसेंसी बंदूक से छत से 6-7 राउंड फायर किए। गोली प्रमोद पाल के अलावा वहां से निकल रहे राहगीरों को भी लगीं, जिससे वह घायल हो गए। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जेएएच के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया।
गोलीबारी कांड में पीडि़त व आरोपी पक्ष दोनों पर पहले से ही मारपीट, रंगदारी व चोरी करने जैसे मामले पुलिस थानों में दर्ज हैं। प्रमोद पाल के ऊपर भी चोरी व मारपीट करने के मामले दर्ज हैं। जबकि धीरज गौड़, नीतेश उर्फ अंजू जाटव क्षेत्र के पुराने बदमाश हैं और मारपीट करना व धमका कर रंगबाजी करना इन लोगों का शौक है। इनके ऊपर भी तमाम प्रकरण दर्ज हैं।
इस मामले में एएसपी कृष्णा लालचंदानी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती घायलों के बयान नहीं हो सके हैं, क्योंकि वह बोलने की स्थिति में नहीं है। जैसे ही घायल बयान देंगे मामला दर्ज किया जाएगा। अभी आरोपियों की तलाश की जा रही है और टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।