कला वीथिका के माध्यम से कला के साथ कलाकारों को भी देंगे बढ़ावा

Jul 23 2025

ग्वालियर। ग्वालियर शहर संगीत का घराना है। यहां एक से बढकर एक कलाकार हुए हैं। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय ने भी संगीत एवं कला के कई कलाकारों को जन्म दिया है, जिन्होंने विश्व पटल पर शहर का नाम रोशन किया है। तानसेन कला वीथिका के माध्यम से कला और कलाकारों को बढ़ावा देने का कार्य विश्वविद्यालय के साथ मिलकर करेंगे। यह बात उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के उपनिदेशक शेखर करहाडकर ने कही। वह राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय परिवार से रूबरू हो रहे थे। इस दौरान विश्वविद्यालय परिवार ने उनका स्वागत किया। 
 शेखर करहाडकर ने कहा कि इसके लिए हर माह कला व संगीत संबंधी अधिक से अधिक कार्यक्रम करने की योजना बनाएंगे, साथ ही नए कलाकारों को प्रोत्साहित करेंगे कि कला वीथिका में अधिक कार्यक्रमों में भाग ले सकें। कलाकारों के साथ मिलकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजनों के लिए योजना बनाएंगे। 
इस अवसर पर कुलसचिव अरुण सिंह चौहान, वित्त नियंत्रक डॉ. आशुतोष खरे सहित डॉ. अंजना झा, डॉ. मनीष करवड़े, डॉ. संजय सिंह, डॉ. गौरीप्रिया, डॉ. पारूल दीक्षित, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित समस्त संगतकार विश्वविद्यालय परिवार मौजूद रहा।