लोगों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट घेरेंगे कांग्रेसी आज

Jul 22 2025

ग्वालियर। ग्वालियर में बिगड़ती कानून व्यवस्था, नशे का बढ़ता कारोबार, जर्जर सडक़े, महंगी और बार-बार गुल होती बिजली, गंदा पानी, जनता पर बढ़ता टैक्स का बोझ, खाद की उपलब्धता आदि जनता से जुड़ी बुनियादी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करने के निर्णय को लेकर कांग्रेस कार्यालय पर ब्लॉक अध्यक्ष एवं मोर्चा संगठन अध्यक्षगणों की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 जुलाई को दोपहर 1 बजे सभी कांग्रेसजन अलकापुरी चौराहा पर एकत्रित होकर कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए कूच करेंगे और जनता को बुनियादी सुविधाएं दिलाने जाने को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा।
जिला अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि हम सभी बेहद महत्वपूर्ण उद्देश्य के लिए एकत्र हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार हम सभी को एकजुट होकर जनता को उनकी बुनियादी सुविधाएं दिलाए जाने को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कलेक्टर कार्यालय पर किए जाने वाले प्रदर्शन की तैयारी करनी है। आज मप्र और ग्वालियर की हालत किसी से छुपी नहीं है, कानून व्यवस्था चरमरा गई है। आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। नशे का कारोबार चारों तरफ फैल गया है, जिससे हमारी युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकार में जा रहा है। जर्जर सडक़ों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदर्शन में लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी के लिए सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा संगठन अध्यक्षगण, कांग्रेस पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी सभी गली-मोहल्लों में घर-घर जाकर जनता को जोड़ें।