भितरवार पार्वती नदी दियादाह घाट से जल भरकर धूमेश्वर धाम पहुंचे श्रद्धालु

Jul 20 2025

भितरवार। भगवान शिव की आराधना के पवित्र माह में श्रद्धालु भितरवार से धूमेश्वर धाम तक कांवड़ यात्रा लेकर पहुंचे। श्याम लाडले परिवार एवं शिव भक्तों के द्वारा आयोजित यह यात्रा में बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ नगर की पार्वती नदी के दियादाह घाट से जल भरकर धूमेश्वर धाम पहुंचे। जहां उन्होंने महामंडलेश्वर अनिरुद्धवन के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। 
रविवार को 9 बजे नगर के पुराना बाजार के पास स्थित पार्वती नदी के दियादाह घाट से भगवान शिव और मां पार्वती की पूजन-अर्चना के साथ गंगाजल लेकर श्रद्धालुओं की कांवर कलश यात्रा धूमेश्वर महादेव मंदिर के लिए निकली। नगर के मुख्य बाजार से नाचते-गाते हुए भगवान शिव के जयकारों के साथ निकली इस यात्रा में शामिल लोगों पर नगरवासियों ने पुष्प वर्षा की। और जलपान कराकर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान भगवान शिव की आराधना में मदमस्त होते हुए श्रद्धालु 14 किलोमीटर की इस यात्रा में महिलाएं कलश लेकर चल रहीं थीं।
इस दौरान यात्रा में आगे-आगे डीजे चल रहा था। जिस पर भगवान भोलेनाथ के भजन और गीत चल रहे थे। वहीं गंगाजल लेकर चल रहे कांवरिया और कलश यात्रियों के आगे-आगे भगवान महाकाल के श्रृंगार में धूमेश्वर महादेव का विग्रह स्वरूप की झांकी चल रही थी। जिस पर जगह-जगह लोगों ने पूजा अर्चना करते हुए क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। वहीं धूमेश्वर धाम मंदिर में विभिन्न मार्गों से होते हुए धूमेश्वर धाम पहुंची कांवड़ यात्रा में महामंडलेश्वर स्वामी अनिरुद्ध महाराज शामिल हुए और उन्होंने विधि विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। और उनसे क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए सामूहिक रूप से शिव चालीसा का पाठ किया गया। प्रसाद वितरण के साथ यात्रा का समापन हुआ।