स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करें: मंत्री कुशवाह

Jul 19 2025

ग्वालियर। प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा है कि विभिन्न मदों से स्वीकृत सडक़ निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया जाए। सीमेंट कंक्रीट सडक़ों का निर्माण वर्तमान में किया जा सकता है। डामरीकरण का कार्य बरसात के बाद प्राथमिकता से किया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। उद्यानिकी मंत्री श्री कुशवाह ने कमलाराजा अस्पताल में विद्युत फिटिंग एवं अन्य संधारण कार्य के लिये 15 लाख रूपए की राशि अपनी निधि से देने की घोषणा भी की। उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुए यह बात कही। 
उद्यानिकी मंत्री श्री कुशवाह ने नगर निगम निधि, मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से स्वीकृत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जो कार्य स्वीकृत हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ किया जाए। सीवर, पेयजल के साथ ही अन्य निर्माण कार्यों को गति दी जाए तथा निगम के अधिकारी इसकी निरंतर मॉनीटरिंग भी करें। उन्होंने कहा कि निगम यह भी सुनिश्चित करे कि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के सीवर या पानी के लिये सडक़ पर गड्डे न करे। स्वीकृति के उपरांत सडक़ पर किए गए कार्य के पश्चात शीघ्र उसकी मरम्मत की व्यवस्था हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। 
उन्होंने कहा कि ग्वालियर में निगम द्वारा तैयार किए गए हॉकर्स जोनों का बेहतर उपयोग हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही प्रमुख सडक़ों पर जहाँ अस्थायी रूप से सब्जी मंडी संचालित हो रही है, उन्हें उचित स्थान पर विस्थापित कर व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। 
मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि जेएएच अस्पताल, हजार बिस्तर अस्पताल के साथ-साथ कमलाराजा अस्पताल में भी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने कमलाराजा अस्पताल में विद्युत फिटिंग, शौचालय निर्माण एवं अन्य कार्यों के लिये अपनी निधि से 15 हजार रूपए देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार मिले। इसके साथ ही मरीजों के साथ आने वाले परिवारजनों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। 
मेहराब साहब की तलैया को बेहतर बनाने का कार्य शीघ्र हो 
सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी के पास स्थित मेहराब साहब की तलैया के सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्रता से किया जाए। स्मार्ट सिटी के माध्यम से 3 करोड़ 26 लाख रूपए की राशि से कार्य कराया जा रहा है। उक्त कार्य की नियमित समीक्षा कर शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि मेहराब साहब की तलैया बहुत ही ऐतिहासिक तालाब है। इसके जीर्णोद्धार से यहाँ पर पर्यटक भी आयेंगे। आमजनों की सुविधा के लिये यहां पर कैफेटेरिया भी विकसित किया जाए। 
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने समीक्षा के दौरान सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभाग में स्वीकृत कार्यों को शीघ्रता के साथ पूर्ण करें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। निगमायुक्त संघ प्रिय ने बैठक में नगर निगम के माध्यम से किए जा रहे निर्माण कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में सभापति  मनोज तोमर, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, निगमायुक्त संघ प्रिय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।