डीडी नगर में जलभराव की शिकायत पर सुनवाई नहीं, लोगों ने जाम लगा

Jul 19 2025

ग्वालियर। शहर के डीडी नगर व अटल नगर में पिछले 10 दिनों से सीवर व बारिश का पानी लोगों के घरों में भरा हुआ है। जिसके चलते लोग अपने जरुरी काम छोडक़र घरों से गंदा पानी निकालने में जुटे हैं। लोगों ने सडक़ों के साथ घरों में हो रहे जलभराव की शिकायत पीएचई व निगम अफसरों से की, पर उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। नतीजा लोगों ने शनिवार की सुबह 9.30 बजे डीडी नगर चौराहे पर जाम लगा दिया।
जिले में लगातार बारिश के साथ ही लोगों के घरों व सडक़ों पर पानी भर गया है। क्योंकि सीवर सिस्टम सफाई के अभाव में जाम हो गए, जिसके चलते जलभराव हो रहा है। वहीं निगम जलभराव की समस्या को खत्म करने में नाकाम साबित हुई है। 
शहर के डीडी नगर व अटल नगर में बारिश के कारण हालात बेकाबू हो गए हैं, जहां पिछले 10 दिनों से सीवर व बारिश का पानी न सिर्फ सडक़ बल्कि, घरों तक में भरा हुआ है। लोगों का कहना है कि वह पिछले 10 दिनों से लगातार जलभराव की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो पाई। जिसके बाद शनिवार सुबह डीडी नगर चौराहा पर अटल नगर के लोगों ने जाम लगा दिया। यह जाम करीब ढाई घंटे तक जारी रहा है। 
नगर निगम ने तत्काल मौके पर फायर स्टेशन से तीन गाडिय़ां रवाना की, ताकि सीवर व बारिश के पानी को निकाला जा सके, लेकिन लोगों में जलभराव को लेकर भारी गुस्सा है, उनका कहना है कि वह इस समस्या के चलते न तो काम पर जा पा रहे हैं और न ही बच्चों को स्कूल भेज पा रहे है। लोगों ने जाम के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 
जाम के दौरान करीब 11 बजे निगम उपायुक्त व सीवर और पीएचई पूर्व के प्रभारी एपीएस भदौरिया मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने लोगों से चर्चा की। लोगों ने उन्हें बताया कि वह लगातार शिकायत कर रहे है, पर उनकी सुनवाई नहीं हो रहा है। इस पर उपायुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्या का निराकरण कर दिया जाएगा और मौके पर तीन गाडिय़ां पानी निकाले में जुट गई। जलभराव खत्म करने के साथ ही सीवर लाइन की सफाई कर दी जाएगी। करीब 12 बजे लोग बमुश्किल मानें और जाम खोला।
उधर पीएचई के इंजीनियर संजीव गुप्ता ने बताया कि डीडी नगर व आत्दियपुरम में जलभराव लोगों के अवैध अतिक्रमण व नालियों को जाम करने के कारण हो रहा है। सीवर बिल्कुल ठीक है, लेकिन लोगों ने खुद ही नालियों व नालों का निकास बंद किया हुआ है, जिससे जलभराव हो रहा है। यहां नाले-नालियों पर बने चबूतरे व जाम नालियां खोल दी जाए तो समस्या खत्म हो जाएगी, लेकिन नालियों का पानी सीवर में मिला दिया है, जिससे कचरा जाने के कारण सीवर ओवरफ्लो हो गया, उससे पानी का निकास करना मुश्किल है।