महापौर ने पीडि़तों को 10-10 हजार के चेक देकर, क्षेत्र की समस्याएं भी जानीं

Jul 19 2025

ग्वालियर। गोल पहाडिय़ा पर बीते रोज दो मकान ढह गए थे, जिनमें कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन नुकसान बहुत हुआ। वहीं पीडि़तों का आशियाना टूटने से उन्हें बेघर होना पड़ गया। शनिवार को मौके पर महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार पहुंचीं, जिन्होंने पीडि़तों को आर्थिक सहायता के तौर पर 10-10 हजार रुपए के चेक प्रदान किए। 
गत रोज हुई तेज बारिश के चलते गोल पहाडिय़ा पर पहाड़ से आए तेज पानी के बहाव के कारण द्वारिका व शोभा के मकान ढह गए। हालाकि इस घटना में कोई घायल तो नहीं हुआ, लेकिन मकान गिरने से वह बेघर जरूर हो गए। जिसके चलते बारिश में उनकी पीड़ा और बढ़ गई। ऐसे में उन्हें रात में तिरपाल का सहारा लेना पड़ा। 
शनिवार को महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार मौके पर पहुंची और पीडि़तों से मिली। उन्होंने दोनों पीडि़तों से बातचीत कर उनका हाल जाना और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। इस दारान उन्होंने दोनों पीडि़तों को 10-10 हजार रुपए के सहायता चेक प्रदान किए।