छोटी बहू और बेटा करते है वृद्ध महिला की पिटाई, पुलिस नहीं कर रही सुनवाई

Jul 19 2025

ग्वालियर। बुजुर्ग विधवा महिला को उनका छोटा बेटा और बहू प्रताडि़त करने के साथ मारपीट कर रहे हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। बुजुर्ग महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद मामले की तरफ से अपनी आंखें बंद कर ली, जिससे आरोपी बेटा व बहू के हौसले बुलंद हैं और उनका प्रताडि़त करने का सिलसिला रुका नहीं है।
फरियादी बुजुर्ग महिला कमला माहौर ने बताया कि वह अपने तीन बेटे व बहुओं के साथ चंद्रनगर के ठाकुर मोहल्ला में खुद के मकान रहती हैं। उनका छोटा बेटा जानकी माहौर तथा उसकी पत्नी प्रीती माहौर आए दिन मारपीट करते हैं। मेरे दोनों बडे बेटे बचाने आते हैं तो उन्हें पुलिस केस में फंसाने की धमकी देती है। कमला माहौर ने बताया कि एक बार तो महिला थाने में झूठी शिकायत दर्ज करवा दी। 
उन्होंने बताया कि 16 जुलाई की रात को मेरे बेटे जानकी तथा बहू प्रीती ने बुरी तरह से मारपीट की, जिससे उनकी रीढ की हड्डी में फ्रेक्चर हो गया। पुलिस के पास गए तो वहां से मेडिकल कराने के लिए भेज दिया। पर अस्पताल में रीढ की हड्डी का एक्सरे नहीं लिया गया। जिससे पुलिस अब कह रही है कि पहले एक्सरा कराओ उसके बाद कार्रवाई करेंगे।
 बुजुर्ग विधवा महिला ने बताया कि उनका बेटा जानकी माहौर तथा बहू प्रीती माहौर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं। वहीं दोनों बड़े बेटों को घर से निकल जाने को कहते है। नहीं निकले तो झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर अब भी पुलिस ने नहीं सुनी तो फिर मैं एसपी साहब से फरियाद करूंगी, कि वह मेरी मदद करें।