ग्वालियर में बारिश जारी, एक बार फिर तिघरा डेम सभी गेट खोले

Jul 18 2025

ग्वालियर। गत देर रात से रिमझिम बारिश का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह शुक्रवार सुबह तेज बारिश में बदल गया। शुक्रवार सुबह 8 से 11 बजे के बीच ही एक इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शहर में कुल 672.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो अब तक के तय कोटे से 238 प्रतिशत अधिक है। तेज बारिश के चलते शहर में नदी- नालें उफान पर आ गए है। झरनों में पानी बढ़ गया है। 
वहीं ग्वालियर में लगातार हो रही बारिश के चलते तिघरा डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार दोपहर डैम का जलस्तर 738.20 फीट पहुंचने पर एक बार फिर सात गेट खोल दिए गए। यह इस सीजन में छठवीं बार है जब चार दिन के भीतर डैम के गेट खोले गए हैं। तिघरा डैम के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के कारण डैम में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है।
ग्वालियर के आसपास के नदी-नाले उफान पर हैं। शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले तिघरा डैम का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। आसपास के झरने बहने लगे हैं, जिससे पिकनिक स्पॉट्स पर भीड़ बढऩे लगी है।
ग्वालियर में पहली बार ऐसा हो रहा है कि जुलाई माह में ही तिघरा डैम के गेट पांच बार खुल चुके हैं। इसका सबसे बड़ा कारण तिघरा के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश होना है। साथ ही ककैटो, अपर ककैटो और पेहसारी बांध से भी लगातार तिघरा में पानी आ रहा है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश की चेतावनी दी है। ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
गेट खुलने का दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग तिघरा डैम पर पहुंचे। पिकनिक मनाने पहुंचे लोग भी इस नजारे को अपने कैमरे में कैद करते दिखे। प्रशासन ने अपील की है कि लोग नदी या डैम के आसपास न जाएं और सतर्क रहें। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सांक नदी में छोड़ा जा रहा है डैम का पानी
डैम से छोड़ा गया पानी सांक नदी में पहुंचता है। इस कारण नदी के किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।