केंद्रीय जेल में कैदी को आया हार्ट अटैक, अस्पताल ले जाते समय मौत

Jul 17 2025

ग्वालियर। केंद्रीय जेल में बंद एक कैदी की गत रात हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान भिंड के मेहगांव निवासी बृजेन्द्र अर्गल के रूप में हुई है। वह सीहोर में हत्या के मामले में तीन साल की सजा काट रहा था।
बृजेन्द्र को बीमारी के कारण दो साल पहले होशंगाबाद जेल से ग्वालियर जेल में शिफ्ट किया गया था। गत रात करीब 3 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी। जेल प्रशासन ने उसे तुरंत जयारोग्य अस्पताल के कैदी वार्ड में भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बृजेन्द्र को बुदनी कोर्ट ने 31 जनवरी 2022 को सजा सुनाई थी। उसने बीमारी का हवाला देकर ग्वालियर जेल में भेजे जाने की अर्जी लगाई थी। जेल मुख्यालय ने मानवीय आधार पर 6 मई 2023 को उसका स्थानांतरण किया। ग्वालियर जेल में भी उसकी तबीयत लगातार खराब रही। इसलिए उसे जेल अस्पताल के पास के वार्ड में रखा गया था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और मामला दर्ज कर लिया है। जेल प्रबंधन ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। केंद्रीय जेल प्रबंधक विदित सरवाइए ने घटना की पुष्टि की है।