छात्रा ने हॉस्टल संचालक पर धमकाने का आरोप लगाया, जांच में जुटी पुलिस

Jul 17 2025

ग्वालियर। सिटी सेंटर स्थित गोविंदपुरी में एएम गल्र्स हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा को हॉस्टल के संचालक ने गंदी-गंदी गालियां दी और जान से मारने की धमकी भी दी। छात्रा का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने हॉस्टल की मैस में बचा हुआ खाना वह हॉस्टल संचालक की अनुमति के बिना अपने रूम में ले गई। घटना गत रात की है। हॉस्टल संचालक गुरजीत सिंह भोला ने इस बात पर पीडि़त छात्रा को जमकर गालियां दी और जान से मारने की धमकी दी।
पीडि़त छात्रा उप्र के आगरा की रहने वाली है। वह यहां रहकर जीवाजी विश्वविद्यालय से बीएससी ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है। पीडि़त छात्रा का कहना है कि हॉस्टल में हॉस्टल का संचालक कई छात्राओं के साथ इस तरह का दुव्र्यवहार करता है। कई छात्राएं डर के मारे अपना मुंह नहीं खोलती। लेकिन उसने हिम्मत दिखाई है। उसके पास घटना का ऑडियो क्लिप भी है जो उसने साक्ष्य के रूप में पुलिस को दिया है।
छात्रा का यह भी कहना है कि इस तरह के हिंसक प्रवृत्ति के हॉस्टल संचालक का हॉस्टल बंद होना चाहिए, हॉस्टल संचालक के विरुद्ध भी मामला दर्ज होना चाहिए। फिलहाल पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर संज्ञान लिया है पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
हालांकि छात्रा के खिलाफ एक शिकायती आवेदन हॉस्टल के संचालक ने भी दिया है जिसमें उसने छात्रा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका आरोप है कि छात्रा हॉस्टल में सिगरेट पीती है और लेट नाइट हॉस्टल में आती है। उसने छात्रा पर नशा आदि करने का भी एलिगेशन लगाया है।
विश्वविद्यालय थाने की एसआई कीर्ति अजमेरिया ने बताया कि दोनों ही लोगों के आवेदन पर संज्ञान लेकर कार्रवाई में जुटी हुई है। यह घटना ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की है। हालांकि छात्रा ने जो ऑडियो क्लिप दिया है। उसमें आरोपी होस्टल संचालक गुरजीत सिंह भोला छात्रा को अपशब्द कहते हुए साफ सुनाई दे रहा है और धमकाते हुए भी सुनाई दे रहा है। पुलिस मामले की जांच के लिए हॉस्टल में लगे कैमरे भी चेक किए जाएंगे।