जेयू: विभागाध्यक्षों ने छात्रों को विभाग के बारे में जानकारी दी

Jul 16 2025

ग्वालियर। दीक्षारंभ समारोह के दूसरे दिन विभागाध्यक्षों द्वारा छात्रों को विभाग के बारे में जानकारी दी गई। प्रो. एसके सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत युवा शारीरिक,मानसिक एवं आत्मिक रूप से सशक्त हों। विवि स्मार्ट शिक्षण व्यवस्था, वर्चुअल कक्षा परियोजना, रेमेडियल कक्षाएं, कौशल विकास इत्यादि विभिन्न नवाचारों के माध्यम से शिक्षण व्यवस्था प्रभावशाली हुई है। 
उन्होंने रैगिंग के बारे में छात्रों को जानकारी देते हुए कहा कि रैगिंग एक आपराधिक कृत्य है। रैगिंग ना करें और ना ही उसे चुपचाप सहें। यह एक दंडनीय अपराध है। कोई भी जूनियर सीनियर नहीं है। सभी की कक्षाएं अलग हैं। शिक्षकों द्वारा पूछे गए सवालों के ईमानदारी से जवाब दें।उन्होंने कहा कि समय पर खाएं,समय पर सोएं, समय पर जागें। मोबाइल का उपयोग करने से बचें। पर्याप्त नींद लें। सभी मिलकर स्वस्थ समाज का निर्माण करें। 
डॉ. सपन पटेल ने कहा कि जो गलती अनजाने में होती है, वह गलती नहीं होती और जो गलती जानबूझकर होती है, वह गलती होती है। इसलिए जानबूझकर गलती करने से बचें, जहां हमें कोई नहीं देखता वहां आप कैसा आचरण कर रहे हैं, वही आपका चरित्र होता है। छात्रों को मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए साथ पढऩे वाली छात्राओं को असहज महसूस नहीं होना चाहिए। हमारी संस्कृति विश्व की सबसे अच्छी संस्कृति है। 
प्रो.हेमंत शर्मा ने छात्रों को पुस्तकालय के बारे में जानकारी दी। साथ ही छात्र-छात्राओं से पुस्तकालय का भ्रमण करने को कहा और उन्हें ई-लाइब्रेरी व पुस्तकालय से संबंधित नियमों एवं योजनाओं की जानकारी दी। डॉ.पीके जैन ने भूगर्भ विज्ञान व पर्यटन के बारे में जानकारी दी। एनएसएस के संयोजक डॉ. हरिशंकर कंसाना ने कहा की स्थापना के बाद चिंता थी कि छात्रों को अध्ययन के साथ-साथ समाज में व्याप्त समस्याओं से कैसा जोड़ा जाए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का विकास करना है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव मिश्रा ने कहा कि सभी छात्र नामांकन अवश्य कराएं , आंतरिक परीक्षा अवश्य दें। परीक्षा फॉर्म समय पर भरें जिससे छात्रों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर प्रो. जेएन गौतम, प्रो. हेमंत शर्मा, प्रो. एसके सिंह, डॉ. सपन पटेल, डॉ. हरिशंकर कंसाना सहित छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे।