हर घर के सामनें लगाएं 3-4 पौधे लगाकार बच्चे की तरह पालें: कलेक्टर

Jul 16 2025

ग्वालियर। हर घर के सामने तीन-चार पौधे लगाए, यह न सिर्फ छांव देंगे बल्कि पुण्य भी मिलेगा। इन्हें लगाना आसान, पर इन्हें बच्चे की तरह पालें, जिससे यह बड़े हो सकें। यह बात कलेक्टर रुचिका चौहान ने हरि पर्वत पर पौधरोपण करते हुए कही। 
बुधवार को पुतली घर के सामने स्थित हरि पर्वत पर प्रशासन व निगम के द्वारा संयुक्त रुप से पौधरोपण किया गया। जिसमें कलेक्टर रूचिका चौहान, निगमायुक्त संघ प्रिय के अलावा दाना-पानी संगठन के सदस्य, एनसीसी कैडेट्स व अन्य लोग पहुंचे। यहां करीब एक सैकड़ा पौधे लगाए गए। जिनमें अमरूद, आम समेत अन्य छायादार पौधे रोपे गए। पौधरोपण के दौरान पर्यावरण व पेड़-पौधों को बचाने की शपथ भी दिलाई गई।  
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि जीवन में हर व्यक्ति को एक बार पौधरोपण करना चाहिए और बड़े होने तक उसकी बच्चे की तरह देखभाल भी करना चाहिए। वन विभाग की नर्सरी में सस्ती दरों पर फलदार व छायादार पौधे उपलब्ध हैं। जरूरी नहीं कि हम पौधों को अन्यंत्र स्थान पर लगाए, हमारे घर व आस-पास इतनी जगह होती है कि वहां हम तीन-चार पौधे लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना तो आसान है, लेकिन इनकी देखभाल करना मुश्किल है, इसलिए पौधों को बच्चों की तरह पालें।