सीवर के कच्चे गड्ढे पर भाइयों में चले लात-घूसे और फावड़े, घायलों को भर्ती कराया

Jul 15 2025

ग्वालियर। जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में गूंथारा गांव में दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच जमकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी लात-घूंसों, लाठी-डंडों और फावड़े से हुई मारपीट में बदल गई। झगड़े में एक पक्ष के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायलों को इलाज के लिए मुरार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना गूंथारा गांव निवासी नवाब सिंह और उनके सगे भाई हरेंद्र सिंह के बीच हुई। हरेंद्र सिंह ने नवाब सिंह के घर के बाहर बनाए गए सीवर के कच्चे गड्ढे का विरोध किया था। हाल ही में हुई बारिश के कारण जब गड्ढा भर गया और उसका पानी ओवरफ्लो होकर हरेंद्र सिंह के आंगन तक पहुंच गया, तो वह नाराज हो गया।
गुस्से में आकर हरेंद्र सिंह ने अपने अन्य परिजनों को बुला लिया और नवाब सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि लात-घूंसों के साथ-साथ लाठी, डंडे और फावड़े तक चल गए। झगड़े में नवाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रिवर व्यू कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल नवाब सिंह के बेटे जितेन्द्र सिंह ने बताया कि उनका चाचा हरेंद्र सिंह हमेशा किसी न किसी बात पर विवाद करता रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीवर का गड्ढा केवल बहाना था, असल में उनके चाचा पहले से ही रंजिश पाले हुए हैं। उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत स्थानीय थाने में की है।
इस मामले में सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि गूंथारा गांव में दो सगे भाइयों के बीच विवाद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।