घर में घुसा गंदा पानी, बच्चे नहीं जा पा रहें स्कूल, निगम को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

Jul 15 2025

ग्वालियर। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है और सीवर का गंदा पानी बाहर आने लगा है। परेशान नागरिकों और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि 15 दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और शहर के प्रभावित नागरिक नगर निगम कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने धरना देकर जमकर नारेबाजी की और नगर निगम कमिश्नर व महापौर को प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराया।
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अमिताभ पांडे ने बताया कि शहर के कई वार्डों में बारिश के कारण सीवर ओवरफ्लो हो गया है। गंदा पानी घरों में घुस रहा है, जिससे लोग न खाना बना पा रहे हैं और न ही बच्चों को स्कूल भेज पा रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल बहोड़ापुर की अपना नगर कॉलोनी निवासी सपना जाट ने बताया कि उनके घर में लगातार सीवर का गंदा पानी भर रहा है। बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है, घर में बीमारी फैली हुई है। सपना ने बताया कि उन्होंने स्थानीय पार्षद और नगर निगम से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा पार्षद हर बार बीमार होने का बहाना बनाकर बात टाल देते हैं। मैं पिछली जनसुनवाई में भी निगम पहुंची थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पड़ोस में कुछ दबंगों ने अपने घर के आगे रास्ता रोकने के लिए मटकी रखवा दी है, जिसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम को 15 दिन का समय दिया है, जिसके भीतर समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। लोगों की शिकायत है कि अधिकारी न तो कार्यालय में मिलते हैं और न ही फोन उठाते हैं।