329 विद्यार्थियों को मिली डिग्री, खिले चेहरे

Jul 13 2025

ग्वालियर। अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान का षष्ठम दीक्षांत समारोह मनाया गया। संस्थान के नवीन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह की अध्यक्षता निदेशक प्रो. श्रीनिवास सिंह ने की तथा बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष दीपक घाइसस ने कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. अभय करंदीकर, सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. एके सूद, भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार और डॉ. कर्णम मल्लेश्वरी, कुलपति, दिल्ली खेल विश्वविद्यालय उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों को डी.एससी. ऑनोरिस कॉसा उपाधि से सम्मानित किया गया। 
समारोह में कुल 329 डिग्रियां प्रदान की गईं, जिनमें डीएससी 2, पीएचडी 12, एमबीए 27, एमटेक 13, बीटेक-एमबीए (आईपीजी) 168, बीटेक 107 शामिल हैं। इनमें 68 छात्राएं भी सम्मिलित थीं। सीताराम जिंदल गोल्ड मेडल, इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल, गुजरा सिंह मेमोरियल गोल्ड मेडल एवं सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट से उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. करंदीकर ने छात्रों को नवाचार, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। प्रो. सूद ने विज्ञान और अनुसंधान के महत्व पर बल देते हुए संस्थान की भूमिका को सराहा। ओलंपियन डॉ. मल्लेश्वरी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, आपकी पृष्ठभूमि नहीं, आपके सपने आपका भविष्य तय करते हैं। समारोह के समन्वयक प्रो. केके पटनायक, सह-समन्वयक डॉ. वीनल पटेल एवं कुलसचिव पंकज गुप्ता ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार प्रकट किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।