छेड़छाड़ से परेशान होकर युवती ने लगाई फांसी, मौत

Jul 13 2025

ग्वालियर।छेड़छाड़ और मानसिक प्रताडऩा से परेशान होकर एक 22  वर्षीय युवती ने फांसी लगा ली। वह आंगनवाड़ी में नौकरी करती थी। उसे समाज का ही एक लडक़ा मनीष कुशवाहा लगातार परेशान कर रहा था।
युवती ने आरोपी के खिलाफ पुरानी छावनी थाने में शिकायत भी की थी। सामाजिक दबाव के चलते 15 दिन पहले शिकायत वापस ले ली। अब जब गत रोज युवक ने दोबारा परेशान किया तो उसने फांसी लगा ली। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना गंगा मालनपुर इलाके की है। बताया जा रहा है कि रानी कुशवाहा ड्यूटी से एक रिपोर्ट बनाकर लौटी थी। इस दौरान वह डिप्रेशन में थी। घर आते ही सीधे अपने रूम में चली गई। कुछ देर बाद मां उसे बुलाने पहुंची तो बेटी को फंदे पर लटके देखा। परिजन फंदा काटकर उसे अस्पताल ले गए थे। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि युवती को मनीष कुशवाहा आते-जाते छेड़ता था। कमेंट्स करता था। लगातार मानसिक प्रताडऩा के चलते पीडि़ता ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर युवक की शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को थाने भी बुलाया था। आरोपी मनीष अपने पिता के साथ थाने पहुंचा था। साथ ही यादव समाज के कुछ दबंग लोग भी आ गए। उनके दबाव के चलते पीडि़त युवती और उसकी मां ने राजीनामा कर लिया था।
युवती के चाचा जीवन कुशवाहा ने बताया कि एक साल से मनीष परेशान कर रहा था। 3 महीने पहले ही परिवार को पूरा घटनाक्रम पता चला था। गत रोज आरोपी ने युवती के साथ अपने फोटो एडिड कर वायरल कर दिए थे। जिससे वह डिप्रेशन में थी। ड्यूटी से लौटकर उसने ये कदम उठा लिया।
पुरानी छावनी थाना प्रभारी क्षमा राजौरिया ने बताया कि, युवती ने एक युवक के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। 15 दिन पहले राजीनामा कर लिया था। अब यह कदम उठाने के पीछे वही युवक है या कोई और बात है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।