स्मैक के नशे की गिरफ्त में रहने से युवक की मौत

Jul 12 2025

भितरवार। स्मैक, चरस और गांजे की गिरफ्त में आने वाले युवाओं की जिंदगी बर्बाद हो रही है। नशे से युवा पीढ़ी दम तोडऩे लगी है। क्षेत्र में फलफूल रहे नशे के अवैध कारोबार को रोकने में पुलिस असफल साबित हुई है। 
वहीं नगर एवं गांवों में फैले नशे को लेकर जनप्रतिनिधि मूकदर्शक बने हुए हैं। जिससे स्मैक के नशे से नगर का एक और युवा मौत का शिकार हो गया है। अधिक नशा करने से गंभीर बीमार हुए 22 वर्षीय युवक ने इलाज के दौरान ग्वालियर दम तोड़ दिया। 
जानकारी के अनुसार पिछले दो वर्षों से नगर एवं आसपास गांवों में स्मैक, गांजा का अवैध व्यवसाय चरम सीमा पर है। नगर के पुराना बाजार की गली मोहल्लों में दुकानों पर बेधडक़ होकर स्मैक बेची जा रही है। दुकानों पर आसानी से मिलने पर कई युवाओं को स्मैक की लत लग चुकी है। युवा सुनसान जगहों पर नशा करते देखे जा सकते हैं। जिसका पिछले दिनों एक वीडियो भी सोसल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। स्मैक के नशे से अब युवाओं की असमय मौतें होने लगीं हैं। 
नगर के वार्ड क्रमांक 6 निवासी यूनिस खान उर्फ मितवा पुत्र शमीम खान उम्र 22 वर्ष की स्मैक के नशे से मौत हो गई। बताते हैं कि उक्त युवक ने स्मैक और गांजे का अधिक सेवन कर लिया था। जिससे उसकी तबियत बिगड़ गई। बेहोशी की हालत में परिजन यूनिस खान को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां उपस्थित चिकित्सकों ने गंभीर हालत होने पर युवक को उपयुक्त इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। नशे से एक और युवक की मौत होने पर पुलिस पर कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं। 
लोगों का कहना हैं कि नगर के पुराना बाजार और विभिन्न गांवों में धड़ल्ले से विक्रय किया जा रहे स्मैक, गांजा को लेकर पुलिस की निष्क्रियता बनी हुई है। जिससे युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आने से दम तोडऩे लगी है। 
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 14 जनवरी को नगर के वार्ड क्रमांक 7 के एक 21 वर्षीय युवक की भी नशे से मौत हो गई थी। वहीं नशे के फलफूल रहे कारोबार के खिलाफ किसी भी जनप्रतिनिधि ने आवाज नही उठाई। हालाकि क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर ने नशे को लेकर जिले के अधिकारियों से बात कर आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा था। और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सतीश मघैया ने नशे को लेकर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और विधायक को ज्ञापन सौंपा था।