द्वारिकाधीश मंदिर मुरार का वृंदावन के प्रेम मंदिर की तर्ज पर नवनिर्माण का भूमिपूजन हुआ

Jul 12 2025

ग्वालियर। द्वारिकाधीश मंदिर मुरार में वृंदावन के प्रेम मंदिर की तर्ज पर नवनिर्माण के लिए शनिवार को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जितेन्द्र कुमार माहेश्वरी, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह ने भूमिपूजन किया। द्वारिकाधीश मंदिर के नवनिर्माण के भूमिपूजन समारोह में विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, कलेक्टर रुचिका चौहान, मंदिर समिति के अध्यक्ष पारस जैन मंच पर उपस्थित थे। सभी अतिथिगण ने यहां विधि विधान के साथ मंदिर के नवनिर्माण के लिए भूमिपूजन किया। 
भूमिपूजन के मौके पर जस्टिस जितेन्द्र कुमार माहेश्वरी ने कहा कि हमारे धर्म स्थल लोगों को शांति और सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। इनको पवित्र रखना सभी का दायित्व है। जस्टिस जितेन्द्र माहेश्वरी ने इस अवसर पर मंदिर शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि यह दो शब्द मन और दिर से बना है। जो जिसका आशय मन का द्वार है। यहां आकर मैं नहीं रहना चाहिए। मैं का भाव समाप्त हो जाना चाहिए। क्योंकि व्यक्ति प्रभु की शरण में आ जाता है। मंदिर में लोगों को अध्यात्मिक शांति मिलती है। ये स्थल लोगों को प्रेरित करते हैं वहीं इनसे आध्यात्मिक विकास होता है । इसलिए इनका महत्व अधिक है। लोग आस्था के साथ मंदिरों से जुड़े और यह स्थल एक अच्छा परिसर बनें इसकी में कामना करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मंदिर में मूर्ति की स्थापना के साथ ही होने वाली प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भी उन्होंने अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर के प्राचीन मंदिरों में शामिल द्वारिकाधीश मंदिर का नवनिर्माण का निर्णय खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि इस मंदिर के प्रति शहरवासियों की अटूट आस्था है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण की जो योजना तैयार की गई है उससे ऐसा लगता है कि यह मंदिर एवं मंदिर का परिसर शहर एक नए आकर्षण के रूप में सामने आफ्या। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में बनने वाले हॉल स्वर्ग सदन को लेकर कल्पना करें कि यह नाम के अनुरूप ही हो। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि द्वारिकाधीश मंदिर का नवनिर्माण प्रसन्नता. की बात है। निश्चित रुप से इस मंदिर के नव निर्माण से इस क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन में वृद्धि होगी। 
इस अवसर पर अधिवक्ता परिषद के सदस्य जयप्रकाश मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, सोनू मंगल, रामबाबू कटारे आदि लोग उपस्थित थे।