नम्रता, धैर्य, मधुरता और करुणा से जीवन में आनंद आता है:आदर्श दीदी

Jul 11 2025

ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के माधवगंज स्थित प्रभु उपहार भवन में गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर विशेष ध्यान साधना एवं सत्संग का आयोजन हुआ।
शुभारंभ अवसर पर केंद्र प्रमुख राजयोगिनी बीके आदर्श दीदी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं बल्कि गुरु शिष्य परंपरा का एक उत्सव है, जो हमें हमेशा अच्छाई के रास्ते पर चलने कि प्रेरणा देता है। हमारे जीवन को एक सुंदर दिशा देने में बहुत से लोगों का हाथ होता है, जिन्हें हम गुरु का दर्जा देते हैं।
हमारी उन्नति केवल भौतिक संपन्नता ही नहीं बल्कि आंतरिक रीति से खुद को ज्ञान, गुण और शक्तियों से सुसज्जित कर समाज हित में निरंतर सेवारत रहना भी है। जो लोग नम्रता, धैर्यता, मधुरता, करुणा, दया, क्षमा जैसे गुणों को जीवन का हिस्सा बनाते हैं, वही जीवन का सही आनंद ले पाते हैं।
बीके आदर्श दीदी ने आगे कहा कि इस गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर हम सभी के सच्चे मार्गदर्शक एवं सद्गुरु निराकार परमपिता परमात्मा शिव को दिन की शुरुआत में अवश्य याद करें। इसके साथ ही उन्हें साक्षी मानकर एक संकल्प लें कि हमारी वजह से कोई दुखी और कोई निराश न हो। हम दूसरों के जीवन में खुशी लाने के निमित्त बनें। इस अवसर पर केंद्र पर पधारे सभी श्रद्धालुओं ने ब्रह्माभोजन ग्रहण किया।