रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर कार लेकर पहुंचे युवक को आरपीएफ ने पकड़ा, कोर्ट से मिली जमानत

Jul 10 2025

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक नशे में धुत युवक गत रात अपनी कार को लेकर सीधे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लेकर पहुंच गया। रात करीब 3 बजे हुई इस घटना से यात्रियों और स्टेशन स्टाफ में हडक़ंप मच गया। गनीमत रही कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए युवक को कार समेत पकड़ लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने आरोपी कार चालक का मेडिकल कराने के बाद उसके खिलाफ यात्रियों की जान खतरे में डालने और रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 
पुलिस ने गुरुवार दोपहर को युवक को रेलवे कोर्ट में पेश किया। जहां रेलवे कोर्ट ने उसपर चालानी कार्रवाई करने के बाद उसे जमानत देकर छोड़ दिया है।
बतादें कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर कार लेकर पहुंचा 34 वर्षीय नितिन राठौर महाराजपुरा स्थित आदित्यपुरम का रहने वाला है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसने पिछली रात ज्यादा शराब पी ली थी, जिससे उसे होश नहीं था। इसी कारण वह अपनी ब्लेंजा कार क्रमांक एमपी07जेडव्ही 8881 को लेकर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंच गया। उसे यह भी याद नहीं था कि वह कार लेकर कहां जा रहा है।
 वहीं सूत्रों के मुताबिक यह भी बताया जा रहा है कि युवक का अपनी पत्नी से शराब को लेकर विवाद हो गया था और पत्नी नाराज होकर मायके जाने के लिए स्टेशन पहुंची थी, उसी को मनाने के लिए वह अपनी कार को लेकर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंच गया था। लेकिन आरपीएफ पुलिस ने इसको लेकर कोई पुष्टि नहीं की है, आरपीएफ पुलिस का कहना है कि आरोपी कार चालक ने पूछताछ में शराब में होना बताया था।