3 अगस्त को निकलेगी कांवड़ यात्रा, तारीख में किया बदलाव

Jul 09 2025

भितरवार। 27 जुलाई की जगह अब 3 अगस्त को कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। पहले तय की गई तारीख में आयोजन समिति ने कुछ कारणों से बदलाव किया है। पिछले वर्ष की भांति इस बार भी भगवान शिव की आराधना के पवित्र श्रावण माह में नगर में श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। जिसको लेकर इस धार्मिक कार्यक्रम की आयोजन समिति ने गोलेश्वर महादेव मंदिर पर एक बैठक कर 27 जुलाई रविवार को कांवड़ यात्रा निकाले जाने का निर्णय लिया था। आयोजकों ने इस निर्णय में बदलाव किया है। 
बस स्टेंड के पास करहिया तिराहे पास आयोजन समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष पत्रकार रवि शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें मुख्य रूप से पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सतीश मघैया भी उपस्थित थे। बैठक में मौजूद समिति सदस्यों ने कांवड़ यात्रा को लेकर अपने - अपने विचार रखे। इस दौरान यह बात सामने आई कि 27 जुलाई को नगर में एक सामाजिक कार्यक्रम है। ऐसी स्थिति में इस दिन कांवड़ यात्रा निकालना उचित नहीं रहेगा। इस बात पर आयोजकों ने विचार विमर्श करते हुए 27 तारीख की जगह 3 अगस्त रविवार को कांवड़ यात्रा निकालने का निर्णय लिया। इस दौरान पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सतीश मघैया और आयोजन समिति के अध्यक्ष पत्रकार रवि शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे नगर का कार्यक्रम है। इसमें नगर के सभी लोगों की सहभागिता हो इसके लिए हम सभी प्रयासरत रहें। 
इस अवसर पर आयोजन समिति के संरक्षक शंकर सिंह गुर्जर, उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण यादव, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष धर्मेंद्र अग्रवाल, रणबीर किरार, कोषाध्यक्ष संतोष यादव, पूर्व पार्षद सुनील यादव दाऊ, बल्लू मघैया, पिंटू पालीवाल, सोनू सेन, पवन अग्रवा, धर्मेंद्र यादव आदि उपस्थित थे।