ताजिया के लिए टेंट लगा रहे युवक की गिरने से मौत,परिजनों ने शव चौराहा पर रखकर लगाया जाम

Jul 09 2025

ग्वालियर। एक युवक की ताजिया के लिए टेंट लगाते समय गिरने और टेंट के सामान में दबने से मौत हो गई। घटना गत रात 1 बजे बहोड़ापुर इलाके की है। कुछ लोगों का कहना है कि वह लाइट का काम कर रहा था करंट लगने से गिरकर मौत हुई है। घटना से आक्रोशित परिजन ने बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव को बहोड़ापुर चौराहा पर रखकर जाम लगा दिया।
कांग्रेस नेता सुनील शर्मा भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों का साथ दिया। कुछ ही देर में बहोड़ापुर चौराहा पर ट्रेफिक जाम हो गया। हंगामा और जाम की सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन की मांग थी कि लापरवाही से टेंट का काम कराने वाले ठेकेदार पर एक्शन लिया जाए और युवक की मौत की निष्पक्ष जांच की जाए। पुलिस ने मदद का आश्वासन दिया है। इसके बाद जाम लगा रहे लोग मान गए।
बहोड़ापुर निवासी मोनू मौर्य अपने घर में अकेला कमाने वाला था। वह मजदूरी करता था और लाइट का काम भी जानता था। गत रात को उसे एक टेंट कारोबारी काम कराने के लिए ले गया था। बहोड़ापुर इलाके में ताजिया के लिए टेंट लगाना था और लाइट भी लगानी थी। देर रात काम करते समय वह ऊपर से गिरा और टेंट व ताजिया का पूरा सामान उसके ऊपर आकर गिरा। जिसमें दबकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।
इसके बाद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मोनू को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से मोनू के परिजन में आक्रोश था। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव मिलते ही परिजन ने बहोड़ापुर चौराहा पर शव रखकर जाम लगा दिया।
शव सडक़ पर रखकर जाम की सूचना मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सुनील शर्मा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों की समस्या को थाना प्रभारी के समक्ष रखा एवं जांच कर कार्यवाही के लिए कहा। परिजन ने बताया कि मृतक मोनू मौर्य मंगलवार रात के समय काम पर गया था। काम करते समय अचानक से गिरा और उसकी मौत हो गई है। पुलिस काम कराने ले जाने और लापरवाही से काम कराने वाले टेंट कारोबारी पर एक्शन क्यों नहीं ले रही।
इस मामले में बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह का कहना है कि मोनू मौर्य की टेंट का काम करते समय हादसा होने से मौत हुई है। परिजन ने आक्रोश में जाम लगा दिया था। मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे आगे जांच में शामिल किए जाएंगे।