पनिहार टोल पर स्कॉर्पियो सवारों ने सुपरवाइजर को पीटकर फायरिंग की,चार पर मामला दर्ज

Jul 07 2025

ग्वालियर। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे के शिवपुरी लिंक रोड स्थित पनिहार टोल प्लाजा पर देर रात स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने जमकर हंगामा किया। टोल नहीं देने को लेकर उन्होंने पहले स्टाफ से गाली-गलौज की, फिर सुपरवाइजर से मारपीट की और गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। इसके बाद आरोपी टोल बैरियर तोडक़र फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना गत रात 12:15 बजे की है। शिवपुरी की ओर से सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी07 सीबी-3384 टोल प्लाजा की लेन नंबर-10 पर पहुंची। कार में चार युवक सवार थे और उनके पास फास्टैग नहीं था। टोल कर्मचारी मनीष कुमार ने जब उनसे टोल देने को कहा तो वे भडक़ उठे और उसे गालियां देने लगे।
हालात बिगड़ते देख सुपरवाइजर शालू गुर्जर मौके पर पहुंचे और समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक गालियां देते रहें। जब शालू और मनीष ने विरोध किया तो स्कॉर्पियो से तीन युवक नीचे उतरे और दोनों से धक्का-मुक्की करने लगे। मारपीट में शालू के बाएं हाथ, सिर और दाहिने पैर में चोट आई, जबकि मनीष को चेहरे और सिर में अंदरूनी चोटें लगीं।
मारपीट की आवाज सुनकर टोल स्टाफ के राघवेंद्र, बनवारी और गनमैन रामस्वरूप जाटव वहां पहुंचे। तभी स्कॉर्पियो में बैठे एक युवक ने कार से बंदूक निकाली और सुपरवाइजर शालू गुर्जर को निशाना बनाकर गोली चला दी। लेकिन शालू समय रहते पीछे हट गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद सभी बदमाश स्कॉर्पियो में बैठे और टोल बैरियर तोड़ते हुए ग्वालियर की ओर भाग निकले।
इस घटना के बाद टोल पर काम कर रहे कर्मचारी दहशत में आ गए। उन्हें डर था कि बदमाश दोबारा लौट सकते हैं। टोल स्टाफ ने तुरंत पनिहार थाने में घटना की जानकारी दी। पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और घायल शालू गुर्जर की शिकायत पर स्कॉर्पियो सवार चार युवकों के खिलाफ मारपीट, फायरिंग और टोल बैरियर तोडऩे का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सूत्रों की मानें तो पीडि़त सुपरवाइजर पर राजीनामा के लिए दबाव भी बनाया जा रहा है। पनिहार थाना पुलिस का कहना है कि चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।