पुलिस ने लोडिंग वाहन से 29 पेटी अवैध देशी शराब के साथ दो पकड़े

Jul 05 2025

ग्वालियर। एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देशन में ग्वालियर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुरानी छावनी थाना पुलिस ने दो शराब तस्करों को रंगे हाथों पकडक़र लोडिंग वाहन में भरी हुई 29 पेटी अवैध देशी शराब जब्त की है। जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख से अधिक बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुरानी छावनी थाना प्रभारी उप निरीक्षक क्षमा राजौरिया को मुखबिर से सूचना मिली की नीले रंग की लोडिंग वाहन एमपी-04-ईएल-0925 में दो व्यक्ति अवैध शराब लेकर हजीरा से मुरैना की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को  सूचित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को घेराबंदी कर रोका और तलाशी ली तो लोडिंग वाहन में से 3 पेटी सफेद व 26 पेटी लाल देशी शराब (कुल 261 लीटर) बरामद की। लोडिंग वाहन चालक व एक अंय से वैध लाइसेंस मांगा गया, पर वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जिस पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना हजीरा में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पकड़ा है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक क्षमा राजौरिया, पूरन सिंह गुर्जर, रघुवीर सिंह, कमल सिंह, शिव शंकर राठौर, ओमप्रकाश रावत, अरविंद यादव, अशोक गुर्जर की सराहनी भूमिका रही।