रंगदारी दिखाने हवाई फायर किए, खुद ही गोली लगने से घायल

Jul 04 2025

ग्वालियर। रंगदारी दिखाने के लिए हवाई फायर करने वाला अपने अवैध कट्टे से गोली चलने से खुद घायल हो गया। कट्टा इसके बेल्ट में फंस गया, जिससे गोली चलने के बाद इसका पेट छूते हुए निकल गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो घटनास्थल पर घायल पड़े आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। 
घटना बीती रात 11 बजे मुरार थाना क्षेत्र के मोहनपुर पुल के पास की है। पुलिस ने घायल के खिलाफ दहशत फैलाने तथा अवैध हथियार रखने का मामला कायम कर लिया है। 
गौतम यादव पुत्र रामसेवक यादव निवासी सौंसा उटीला किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोहनपुर गांव गया था। वहां रंगदारी दिखाने के लिए गौतम ने अवैध कट्टा निकाला और हवाई फायर किए। रात में करीब 11 बजे कार्यक्रम से वापस लोटते समय मोहनपुर पुल के पास गौतम यादव ने फिर रंगदारी दिखाने के लिए कमर में लगा कट्टा निकालना चाहा। लेकिन कट्टा कमर के बेल्ट में फंस गया। कट्टा निकालते समय ट्रिगर दब गया जिससे गोली चल गई और गौतम यादव की कमर व पेट में लगते हुए निकल गई। 
मोहनपुर पुल के पास उस समय कुछ लोग निकल रहे थे तो उन्होंने गोली चलने की जानकारी पुलिस को दी। बीच सडक़ पर फायरिंग होने की बात पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो कहानी कुछ और ही निकली। पुलिस जिसे पीडि़त समझ रही थी, वह आरोपी निकला। घायल को पहले पुलिस अस्पताल ले गई और बाद में इसकी रंगदारी निकालने का काम करते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया।