दहशतगर्दों से थर्राया भितरवार, पुलिस निष्क्रिय, अनहोनी की आशंका

Jul 02 2025

भितरवार। पिछले कुछ दिनों से नगर असुरक्षित बना हुआ है। रंगदारी जमाने के लिए कुछ बदमाश बेखौफ होकर खुलेराम अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। इन दहशतगर्दों द्वारा बेधडक़ होकर किए गए हवाई फायर से भितरवार थर्राया हुआ है। पुलिस की निष्क्रियता से अनहोनी की आशंका बनी हुई है। वहीं पैदा हुए ऐसे हालातों को देख लोगों में शासन प्रशासन के खिलाफ गहरी नाराजगी बनी हुई है। 
जानकारी के अनुसार इन दिनों नगर की कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ी हुई है। आपराधिक प्रवृति वाले लोगों में पुलिस का कतई डर नहीं है। बदमाश बेखौफ होकर वारदात की नियत से खुलेआम घूम रहे हैं। इस बात का ताजा उदाहरण नगर के मुख्य बाजार में ह्रदयस्थल कहे जाने वाले मैन तिराहे पर देखने को मिला। जहां पर देर शाम को कुछ युवक मोटरसाइकिल पर खुलेआम देशी कट्टा लहराते हुए निकले। अवैध हथियार लेकर निकले इन युवकों को देख दुकानदारों में हडक़ंप मच गया। वहीं दहशत में आए लोग इधर उधर भागते नजर आए। रंगदारी दबंगई जमाने के लिए कट्टा लहराते निकले युवकों से भयभीत हुए दुकानदार अब जल्द अपने प्रतिष्ठान बंद करने लगे हैं। 
वहीं बताते है कि नगर के पुराना बस स्टैंड के पास एक साथ कई मोटर साइकिलों पर सवार होकर आए कुछ युवकों ने दबंगई दिखाने के लिए अवैध हथियारों से जमकर हवाई फायर किए जिससे लोगों में दहशत फैल गई। इन दहशतगर्दों द्वारा किए गए हवाई फायर से लोग अपने-अपने घरों में घुस गए। हवाई फायर करने बाद बदमाश अपनी मोटरसाइकिलों से नरवर रोड़ की ओर लाठियां लहराते हुए चले गए। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। 
वहीं पुलिस की निष्क्रियता से बड़ रहे ऐसे आपराधिक कृत्य से पूरे नगर में दहशत का माहौल है। बाजार के दुकानदारों में अनहोनी की आशंका बनी हुई है। वहीं दहशत फैला रहे बदमाशों के खिलाफ अभी तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से नगरवासियों में शासन प्रशासन और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के खिलाफ काफी आक्रोश पैदा हो गया है। जो कभी आंदोलन के रूप में दिखाई दे सकता है।
मारपीट के शिकार हो चुके दुकानदारों की पुलिस ने नहीं सुनी थी फरियाद
पिछले चार पांच महीने पहले वार्ड 9 कमला विद्यालय मार्ग पर कुछ बदमाशों ने रंगदारी दिखाते हुए दो दुकानदारों को जमकर मारपीट की थी। उक्त बदमाशों ने दबंगई दिखाते हुए ब्रेड बेचने जा रहे दो दोनों भाइयों को पटक पटकर जमकर पीटा। इस मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। वहीं मारपीट के शिकार इन ब्रेड बेचने वाले दोनों युवकों ने पुलिस को आवेदन देकर शिकायत की। इन दोनों फरियादियों की तत्कालीन थाना प्रभारी ने एक नहीं सुनी। बताते हैं। उस समय पुलिस ने सुविधा शुल्क लेकर मारपीट करने वाले बदमाशों को छोड़ दिया था।