गाय, गौरी और गरीब की सेवा से सबसे बड़ा धर्म

Jul 02 2025

ग्वालियर। गाय, गौरी और गरीब की सेवा से सबसे बड़ा धर्म हैं। गाय, कन्या एवं दरिद्र नारायण की सेवा से बढक़र कोई पुण्य नहीं होता। यह विचार कोयला वाले हनुमान मंदिर ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान पं. नवीन बिहारी महाराज ने व्यक्त किए।
बिहारी महाराज ने  भागवत के प्रसंगों की सरस व्याख्या करते हुए कहा कि आज गोमाता बदहाली में हैं। हमें यथा संभव गाय को चारा जरूर खिलाना चाहिए, अन्यथा वे पालीथीन खाकर मौत के मुंह में जाने को मजबूर होंगी। उन्होंने कहा कि भगवान ने यदि आपको इतना समर्थ बनाया है तो किसी गरीब कन्या के विवाह में जरूर सहयोग करना चाहिए। 
इससे आपका पुण्य तो अर्जित होगा ही, मन को भी शांति मिलेगी। मां की महिमा का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि प्रसव पीड़ा का कष्ट सिर्फ मां ही सह सकती है, यह सामर्थ्य ईश्वर में भी नहीं है। मां ही मौत से लडऩे का सामर्थ्य रखती है। उन्होंने कहा कि मर्यादाओं को तिलांजलि देने से आज धनी और दरिद्र सब दुखी हैं।