बाइक सवार बदमाश ने बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूटी, बेटी घायल

Jun 29 2025

ग्वालियर। बहोड़ापुर इलाके में गत रात एक बाइक सवार बदमाश ने 61 साल की एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। महिला अपनी बेटी के घर से लौट रही थी और घर के दरवाजे पर ही पहुंची थीं, तभी यह घटना हुई। घटना के समय उनकी बेटी भी साथ थी। जैसे ही बदमाश ने चेन छीनी, बेटी ने उसका पीछा किया, लेकिन दौड़ते वक्त वह गिर गई और चोटिल हो गई।
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के विनय नगर सेक्टर-4 निवासी गीता देवी के घर के पास ही उनकी बड़ी बेटी का घर है। गीता देवी रात को बेटी के घर से लौट रही थीं। रास्ते में उन्होंने एक बाइक सवार युवक को खड़ा देखा और बेटी से कहा कि यह संदिग्ध लग रहा है, सावधान रहना। लेकिन किसी ने सोचा नहीं था कि वही बाइक सवार उनकी चेन छीन लेगा।
महिला अपनी बेटी के घर से लौट कर अपने घर के दरवाजे पर पहुंची थीं, कि बाइक सवार बदमाश महिला के गले से सोने की चेन छीन ले गया। घटना के बाद गीता देवी ने शोर मचाया, तभी बेटी ने बदमाश के पीछे दौड़ लगाई। लेकिन गिरने से वह घायल हो गई।
सूचना मिलने पर बहोड़ापुर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को पकडऩे के लिए इलाके में नाकाबंदी की, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है और महिला ने जो हुलिया बताया है, उसी के आधार पर जांच की जा रही है।