जीतू पटवारी पर हुई एफआईआर सत्ता के दुरुपयोग का जीवंत प्रमाण: संजीव दीक्षित

Jun 29 2025

ग्वालियर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के विरुद्ध हुई एफआईआर न केवल राजनीति से प्रेरित है, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग का जीवंत प्रमाण है। यह कहना है शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव संजीव दीक्षित का।
यह बेहद चौंकाने वाला तथ्य है कि पीडि़त द्वारा अपने साथ हुई मारपीट और अमानवीय व्यवहार की बात सार्वजनिक रूप से कहने के बाद, अब उस पर दबाव डालकर बयान बदलवाया गया है। जबकि वीडियो में पीडि़त ने अपने साथ हुई अमानवीयता का विस्तार से वर्णन किया और खुद इस बात की सहमति भी दी थी कि उसके साथ हुई ज्यादती को सोशल मीडिया के जरिए जनता के बीच साझा भी किया जाए।
कांग्रेस स्पष्ट रूप से मानती है कि यह शपथ पत्र दबाव, डर और राजनीतिक प्रतिशोध की उपज है। इसीलिए, यह पूछना आवश्यक है कि एक दलित युवक को न्याय की मांग करने पर चुप क्यों करवाया जा रहा है। सत्ता में बैठे लोग किस हड़बड़ी में एफआईआर करवा रहे हैं। क्या भाजपा की सरकार अब पीडि़तों को ही अपराधी घोषित करने लगी है! यह किसी न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में चल रहा भय का तंत्र है।