शेफाली जरीवाल का ग्वालियर से रहा था रिश्ता

Jun 28 2025

ग्वालियर। कांटा लगा गर्ल शेफाली जरीवाल अब नहीं रहीं। महज 42 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली शेफाली जरीवाला का ग्वालियर से कनेक्शन रहा है। मीत ब्रदर्स के नाम से विख्यात ग्वालियर के  सिंगर हरमीत सिंह से उनका विवाह हुआ था, रिश्तों में कड़वाहट आने पर दोनों ने अपना रास्ता अलग कर लिया था, इसके बाद शेफाली ने पराग त्यागी से शादी कर ली थी, वे ही रात में उनकी तबियत बिगडऩे पर उन्हें अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सरदार गुलजार सिंह के बेटे हरमीत सिंह के साथ 2004 में विवाह के बाद ग्वालियर में वे आई थीं और ग्वालियर में उनका शानदार स्वागत हुआ था। गुलजार सिंह ने विवाह के उपलक्ष्य में यहां बड़ा समारोह भी आयोजित किया था। शेफाली ने एक इंटरव्यू में बताया था कि हरमीत के साथ वे खुश नहीं थी। यही कारण रहा कि उनके बीच शादी ज्यादा लंबे समय तक नहीं चली। शादी के पांच साल बाद ही दोनों ने तलाक ले लिया और अपने रास्ते अलग कर लिए। शेफाली को हरमीत से तलाक के बाद जोधा अकबर सीरियल फेम पराग त्यागी से प्यार हुआ। फिर दोनों ने 2014 में शादी कर ली थी।
 वर्ष 2002 में रीमिक्स म्यूजिक वीडियो कांटा लगा के बाद शेफाली रातों-रात स्टार बन गई थी। उनकी स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें यूथ आइकन बना दिया था। प्यार से उन्हें लोग कांटा लगा गर्ल कहने लगे थे। इस गाने ने उन्हें बुलंदियों पर पहुंचाया था। उनके निधन से उनके प्रशंसकों को दु:ख हुआ है। ग्वालियर से कनेक्शन जुडने के बाद भले ही वे ग्वालियर में ज्यादा समय के लिए नहीं आई, लेकिन ग्वालियर में भी उनके प्रशंसकों की कमी नहीं थी।