नकाबपोशों ने आश्रम में घुसकर संतों को डंडे-सरिए से पीटा

Jun 27 2025

ग्वालियर। घाटीगांव के वनखंडी आश्रम में तीन नकाबपोश बदमाशों ने साधु-संतों पर सरियों और डंडों से हमला कर दिया। उनके पास से 50 हजार रुपए नकद, एक लैपटॉप, दो मोबाइल और एक कार लूटकर फरार हो गए। घटना शिवपुरी लिंक रोड (आगरा-मुंबई हाईवे) स्थित वनखंडी आश्रम में गत रात 11 बजे की है। इस हमले में जूना अखाड़ा मौज गिरी आश्रम प्रयागराज के संत बाबा शिवानंद गिरी और उनके साथी संत सतीशानंद गिरी घायल हुए हैं। 
आश्रम में गुरु पूर्णिमा की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान हमला हो गया। बाबा शिवानंद गिरी के सिर पर सरिए से वार किया। उनके साथी सतीशानंद गिरी के सिर में चोट आई है और हाथ फ्रैक्चर हो गया है। दोनों संतों का इलाज कराया जा रहा है।
हमलावर बाबा का ट्रॉली बैग ले गए, जिसमें 50 हजार रुपए नकद, लैपटॉप और दो मोबाइल फोन रखे थे। साथ ही बाबा की हुंडई ओरा कार क्रमांक यूपी85 सीएच-3555 भी लूट ले गए। घाटीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत शहर और देहात में नाकाबंदी कर दी गई।
शुक्रवार सुबह लूटी गई कार बहोड़ापुर इलाके में एबी रोड पर लावारिस हालत में खड़ी मिली है। पुलिस को आशंका है कि घेराबंदी की वजह से बदमाश कार छोडक़र फरार हो गए। संत शिवानंद गिरी ने बताया कि बदमाशों में से एक का चेहरा खुला हुआ था, जिसे वह सामने आने पर पहचान सकते हैं। उन्होंने कहा, हमने जो रकम गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम की तैयारियों के लिए जुटाई गई थी। बदमाश वो लूट ले गए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घाटीगांव थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर सुघर सिंह ने बताया कि हमलावर जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।