कांग्रेस का हाईकोर्ट परिसर में अंबेडकर की मूर्ति लगाने संविधान सत्याग्रह

Jun 25 2025

ग्वालियर। हाईकोर्ट परिसर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापना को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सूर्य नमस्कार तिराहा पर संविधान सत्याग्रह और एक दिवसीय उपवास रखा। 
संविधान सत्याग्रह और एक दिन के उपवास पर सभी कांग्रेसियों ने एकजुट होकर हाईकोर्ट परिसर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापना का समर्थन किया। साथ ही विरोध करने वालों को विरोध छोडऩे की सलाह दी है।
प्रदर्शन के दौरान मंच से कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, जिस व्यक्ति ने इस देश को संविधान दिया। ऐसे डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में स्थापित होनी चाहिए। और इसका कोई विरोध नहीं किया जाना चाहिए। हम इस विषय को जातिगत संघर्ष का रूप देने की कोशिश करने वालों की कड़ी आलोचना करते हैं। इस उपवास के माध्यम से यह संदेश पूरे प्रदेश और देश को दिया है कि संविधान और सामाजिक समरसता से बड़ा कोई एजेंडा नहीं हो सकता। 
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार संविधान अपमान कर रही है। भाजपा के कारण आज संविधान खतरे में है। भारत को संविधान देने वाले भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की स्थापना के लिए जिस प्रकार से विरोध किया जा रहा है वह संविधान के प्रति इन लोगों का कितना सम्मान है उसे स्पष्ट करता है। 
इस अवसर पर कांग्रेस पर्यवेक्षक हरीश चौधरी ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज नहीं माफिया राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त हो चुके हैं। आम लोगों की कोई सुनने वाला नहीं है। भाजपा नेता विकास की ढपली बजा रहे हैं, हकीकत यह है कि प्रदेश में बढ़ते अपराधों के कारण आम लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
 उन्होंने कहा कि ग्वालियर में उच्च न्यायालय परिसर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की स्थापना का विरोध करने वाले संविधान विरोधी है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब केवल संविधान निर्माता ही नहीं थे बल्कि के समाज सुधारक होने के साथ ही मानव अधिकारों के प्रहरी थे। 
इस अवसर पर विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि भाजपा सरकार ने ग्वालियर के विकास को रोक दिया है। प्रतिमा स्थापना में रोड़े अटकाकर लोगों के बीच दूरियां पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक वैमनस्यता को कभी समाप्त नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसके लिए पूरी ताकत के साथ खड़ी है।
संविधान सत्याग्रह के लिए कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता रैलियों के रुप में सूर्य नमस्कार तिराहा पर पहुंचे। ये लोग कांग्रेस के झंडे लेकर प्रदेश और केन्द्र सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। यहां 10 बजे से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आना शुरु हो गया था।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उमंग सिंघार, हिना कावरे, मुकेश नायक, राज्य सभा सदस्य अशोक सिंह, विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा, जयवर्धन सिंह, साहब सिंह गुर्जर, पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव, पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ला, धर्मेन्द्र शर्मा, विनोद यादव मातू, मुनेंन्द्र सिंह भदौरिया सहित ग्वालियर-चंबल संभाग के विधायक, पूर्व विधायक व कार्यकर्ता उपस्थित थे।