थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटना का किया पर्दाफाश, तीन चोरों को पकड़ा, 4.50 लाख रूपये बरामद

Jun 24 2025

ग्वालियर। थाना कोतवाली पुलिस ने गत दिनों लोहिया बाजार में आरके स्टील सेल्स की दुकान के गल्ले में रखे 6.80 लाख रूपए चोरी कर ले जाने वाले दो आरोपियों को दतिया से पकड़ लिया है।
थाना कोतवाली क्षेत्र में स्थित दुकान में दिन दहाड़े हुई चोरी की घटना में एसएसपी धर्मवीर सिंह द्वारा एएसपी गजेन्द्र सिंह वर्धमान व सीएसपी मनीष यादव और थाना प्रभारी कोतवाली मोहिनी वर्मा को चोरी गये रूपयों तथा आरोपियों की पतारसी हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने का निर्देश दिया। 
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे को चेक कर कुछ संदिग्धों को चिन्हित किया गया। विवेचना के दौरान जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि सीसीटीव्ही फुटेज में दिखे संदिग्ध दतिया में देखे गये हैं। उक्त सूचना पर थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस की टीम को दतिया भेजा गया। पुलिस टीम जब मुखबिर के बताए स्थान दतिया बस स्टेण्ड पर पहुंची तो दो संदिग्ध पुलिस टीम को देखकर भागने लगे पर पहले से अलर्ट पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। 
दोनों संदिग्धों से चोरी की घटना के संबंध में पूछताछ पर उन्होने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन पुलिस ने अपने अंदाज में पूछताछ  की तो अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 6.80 लाख रूपये दुकान से चोरी करना स्वीकार कर लिया। 
दोनों संदिग्धों ने पूछताछ में अपने नाम सूर्या मोगिया और करीम राज मोगिया निवासीगण प्रकाश नगर दतिया बताया। पुलिस द्वारा पकड़े गये चोरों की निशादेही पर उनके तीसरे साथी दीपक मोगिया को गोला का मन्दिर क्षेत्र में नारायण विहार से पकड़ा है।
पकड़े गये आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके द्वारा भीड़ भरे बाजारों व व्यापारिक क्षेत्रों में रैकी कर बारदात को अंजाम दिया जाता है और उस रोज भी उनके द्वारा लोहिया बाजार में रैकी की जा रही थी तभी एक दुकान के गल्ले पर रूपयों की गड्डी रखी दिखी तभी हम लोगों ने वहां से रूपये उठा लिये थे।
पकड़े गये तीनों आरोपियों से चोरी गये रूपयों में से 4.50 लाख रूपये बरामद कर लिए है। शेष रकम सूर्या मोगिया ने अपने भाई व पिता के पास होना बताया। पुलिस द्वारा उक्त दोनों की तलाश की गई लेकिन वह फरार हो गये।