बैंक कर्मचारी ने स्पीड में बाइक चलाने से रोका तो सिर फोड़ा,वीडियो वायरल

Jun 23 2025

ग्वालियर। एक बैंककर्मी के साथ चार हमलावरों ने घेरकर सडक़ पर मारपीट की है। घटना गत रात तानसेन नगर की है। बैंक कर्मचारी ने अपने पास से तेज स्पीड में निकल रहे एक बाइक सवार को टोक दिया था। उस समय तो बाइक सवार वहां से चला गया लेकिन कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ लौटा और बैंक कर्मचारी से जमकर मारपीट की है। मारपीट में बैंक कर्मचारी के सिर में चोट आई है। घटना का वीडियो सोमवार को सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। 
हजीरा लाइन नंबर-1 के पीछे न्यू रेशम मिल प्रगति नगर निवासी 36 वर्षीय नीरज पुत्र बलवीर भदौरिया एचडीएफसी बैंक में कर्मचारी है। वह अभी सिटी सेंटर ब्रांच में पदस्थ है। गत रात कुछ क्लाइंट से बातचीत करने के बाद वह रात 11 बजे अपने घर लौट रहा था। अभी वह चोटी वाला पार्सल काउंटर तानसेन नगर पहुंचा ही था कि पास से एक बाइक सवार तेज रफ्तार में चलाते हुए निकला। इसे देख नीरज उस पर झल्लाते हुए कहा कि बाइक ठीक से चला ले। बाइक सवार लौटकर आया और बहस करने लगा, लेकिन उस समय तो बाइक सवार वहां से चला गया।
झगड़े के बाद बैंक कर्मचारी खाना पैक कराने के लिए रुक गया। 20 मिनट बाद ही बाइक सवार अपने तीन से चार साथियों के साथ लौटा और नीरज से मारपीट शुरू कर दी। बाजार में बैंक कर्मचारी को घसीट-घसीटकर पीटा, एक बदमाश ने उसकी बाइक से चाबी निकाल ली, जिससे वह भाग नहीं सके। 
बैंक कर्मचारी से मारपीट की पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सोमवार को यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। फिलहाल हमला करने वालों की पहचान नहीं हो सकी है।
इस मामले में एएसपी निरंजन शर्मा का कहना है कि एक बैंक कर्मचारी से मारपीट की गई है। मारपीट करने वालों ने पहले उसकी बाइक में कट मारा है, जब उसने विरोध किया तो उन्होंने मारपीट कर दी। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।