झमाझम बारिश से खेत हुए जलमग्न,मौसम हुआ सुहाना मिली राहत

Jun 20 2025

भितरवार। प्रदेश में मानसून की आमद हो गई है। जिससे बारिश का दौर शुरू हो चुका है। नगर एवं गांवों में भी काली घटाओं के साथ छाए बदरा बरसने लगे है। बीते रोज से शुरू हुई झमाझम बारिश से खेत जलमग्न हो गए हैं। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं नगर में वर्षात से नाले नालियां उफान कर चलीं। जिससे दुकानों और कुछ रहवासियों के घरों तक पानी जा पहुंचा। 
बीते रोज गुरुवार से शुरू हुई बारिश कहीं राहत तो कहीं आफत लेकर आई। रात दिन में कभी झमाझम तो कभी रिमझिम हुई सीजन की इस पहली बारिश से मौसम में ठंडक गुल गई। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली। वहीं झूमकर हुई बारिश से नगर के आसपास के कुछ गांवों में खेत जलमग्न हो गए। पानी से लबालब खेतों को देख किसान के चेहरे खुशी से खिल गए। वहीं कई लोगों ने पहली बारिश के पानी में नहाया। 
वहीं बारिश से पूर्व नाले और नालों की तलीझाड़ सफाई न होने से कुछ दुकानदार और रहवासी इस बारिश में परेशान रहे। सफाई न होने से बारिश के पानी से उफन चले नालों का पानी मैन तिराहे पर स्तिथ मुरली मोदी सहित अन्य दुकानदारों की दुकानों तक जा पहुंचा। जिससे परेशान दुकानदारों ने स्थानीय निकाय की कड़ी निंदा की। वहीं इसी प्रकार बारिश का पानी वार्ड क्रमांक 12 में कुछ लोगों के घरों तक जा पहुंचा। झमाझम तेज बारिश से नगर के शासकीय परिसर जलमग्न हो गए।