पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त में 308 बदमाश पकड़े, 322 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया

Jun 16 2025

ग्वालियर। गत रात पुलिस ने शहर व देहात में एक साथ कॉम्बिंग गश्त शुरू की। रातभर चले इस अभियान में पुलिस ने कुल 308 बदमाशों को पकड़ा, जिनमें 136 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट और 172 पर स्थायी वारंट जारी थे। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने 322 पुराने बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जांच की। अफसरों ने उनसे पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की कि वे इन दिनों क्या काम कर रहे हैं और किसी वारदात में तो शामिल नहीं हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 शराब तस्करों और 1 सटोरिए को भी पकड़ा। इन सभी को रात में दबिश देकर पकड़ा गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिन बदमाशों को उनके घर से उठाया गया, उन्हें सीधे थानों की हवालात में पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि हवालात में न तो एसी था और न ही कोई आराम, जिससे कई बदमाश पूरी रात बेचैन होकर बैठे रहे। सोमवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की गई।
17 आवारा युवकों सडक़ों से पकडक़र परिजनों के सुपुर्द किया
गश्त के दौरान स्टेशन बजरिया, बस स्टैंड और मॉल एरिया जैसे स्थानों से 17 युवकों को आवारागर्दी करते हुए पकड़ा गया। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई, फिर परिजनों को बुलाकर चेतावनी के साथ उनके सुपुर्द किया गया। पुलिस ने साफ किया कि अगली बार सडक़ों पर घूमते पाए गए तो सख्त कार्रवाई होगी।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। पुलिस द्वारा समय-समय पर ऐसे कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जाती है।