कड़े संघर्ष से स्वतंत्र हुए देश को खोखला कर रहा है जातिवाद का जहर: मख्खन ओझा

Jun 16 2025

भितरवार। स्वतंत्रता संग्राम में कई महान क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई। कड़े संघर्ष से स्वतंत्र हुए हमारे देश को जातिवाद का जहर खोखला कर रहा है। ऐसे जहर के फैलने से भाईचारे में कमी आई है। लोग धर्म के मार्ग से भटकने लगे हैं। जो बहुत बड़ी चिंता का विषय है। यह बात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मख्खन लाल ओझा ने कही।
प्रसिद्ध एवं प्राचीन धूमेश्वर महादेव मंदिर के एक भवन में ग्रामीणों ने ग्राम चीनोर निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मख्खन लाल ओझा का 101वां जन्मदिन मनाया। विधि विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर जन्मदिन मनाने के बाद महामंडलेश्वर अनिरुद्धवन महाराज ने  101 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ओझा का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया। 
इस दौरान महामंडलेश्वर ने कहा कि ओझा जी जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की बदौलत हमारा देश स्वतंत्र हुआ है। इनके महत्वपूर्ण योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। 
वहीं इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम यादें ताजा करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री ओझा ने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान गांव में हर वर्ग का व्यक्ति अलग-अलग टोलियां बनाकर एकता के साथ रहते थे। देश प्रेम से सराबोर गांव के लोगों का भाईचारा बहुत याद आता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश खुद से लड़ रहा है। लोगों में जातिवाद का जहर फैल गया है। लोग धर्म के मार्ग से भटक गए हैं। अगर यही हाल रहा तो देश का भविष्य खराब हो सकता है। इस अवसर पर चतुर सिंह गुर्जर दद्दू ,प्रताप सिंह जाखड़, पप्पू कंसाना, हरिमोहन गुर्जर, मोहनसिंह गुर्जर, राजपाल गुर्जर, देवेंद्र गुर्जर, नवल ओझा, गजेंद्र सिंह गुर्जर आदि उपस्थित थे।