मकान में लगी आग, पड़ोसियों ने दरवाजा तोडक़र आग बुझाने की कोशिश की

Jun 15 2025

 ग्वालियर। ग्वालियर जिले के डबरा में जेल रोड स्थित अमरपुरा खेरी में एक मकान में आग लग गई। मकान मातादीन वंशकार का है। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य लोहड़ी पूजन के लिए बाहर गए थे और घर में ताला लगा हुआ था। घटना रविवार दोपहर की है।
पड़ोसियों ने जब मकान से धुआं निकलता देखा तो तुरंत मातादीन के भाई को सूचना दी। साथ ही दमकल विभाग को भी फोन किया। इस बीच आग तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों ने दरवाजा तोडक़र आग पर काबू पाने का कोशिश की। निजी वाहनों से भी लोगों ने आग बुझाने में मदद की।
दमकल विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही घरेलू सामान जलकर राख हो गया। कुछ कमरों में तो कुछ भी नहीं बचा। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वास्तविक नुकसान का आकलन परिवार के वापस आने के बाद ही हो पाएगा।
डबरा तहसीलदार दिव्य दर्शन शर्मा का कहना है कि आग की जानकारी आई है। मामले में पंचनामा बनाकर स्थिति का आकलन किया जाएगा। शासन स्तर से जो भी मदद होगी वह उपलब्ध कराई जाएगी।