चिकित्सकों का ट्रांसफर नहीं अटेचमेंट खत्म किया है, विधायक पर सवाल खड़े करना गलत-दिघर्रा

Jun 15 2025

भितरवार। चिकित्सकों का ट्रांसफर नहीं अटेचमेंट खत्म किया है। डॉक्टर जहां पदस्त थे प्रशासन ने उन्हे वहीं भेजा है। क्षेत्रीय विधायक स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। डॉक्टरों के अटेचमेंट खत्म करने पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष द्वारा पार्टी नेतृत्व पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। यह बात पूर्व नगर परिषद राजेंद्र दिघर्रा ने कही है।  
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत रहे चिकित्सक रामबाबू गौड़ और राहुल गांधी का ग्राम मोहनगढ़ में स्थानांतरण किए जाने पर भाजपा के दो नेता आमने सामने आ गए हैं। इन चिकित्सकों के ट्रांसफर को लेकर बीते रोज भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ जितेंद्र रावत ने नाम लिए बगैर पार्टी के एक बड़े प्रभावशाली नेता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भितरवार अस्पताल में डॉक्टरों की कमी होने के बाद भी क्षेत्र के एक बड़े नेता ने मेडिकल संचालकों के कहने पर दो चिकित्सकों का ट्रांसफर करा दिया। जिससे अस्पताल के हालात और बिगड़ गए। उन्होंने कहा कि इन डॉक्टरों का स्थानांतरण न होता तो शायद अस्पताल में पेट दर्द से पीडि़त प्रियंका आदिवासी पुत्री सुल्तान आदिवासी उम्र 16 वर्ष की उपचार के अभाव में मौत नहीं होती।  
वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री रावत इन चिकित्सकों के ट्रांसफर के विरोध में ग्वालियर जाकर सीएमएचओ सचिन श्रीवास्तव से मिले थे। जहां उन्होंने चिकित्सकों का ट्रांसफर रोकने की बात कही थी। जिस पर मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मेरी मजबूरी है। मैने तुम्हारे एक क्षेत्रीय बड़े नेता के कहने पर डॉक्टरों के स्थानांतरण किए हैं। जिस पर श्री रावत ने क्षेत्रीय नाम लिए बगैर बड़े एक नेता पर गलत दिशा में काम करने का आरोप लगाया था। उन्हें दलालों से घिरा हुआ बताते हुए कहा कि वे नेक काम करना भूल गए हैं। वहीं श्री रावत ने बड़े नेता से कहा कहा कि अभी सोचो अभी समझो अभी तुम्हारी खैर है। पाप का घड़ा जल्दी भर जाएगा, फिर फूटने में देर नहीं लगेगी। श्री रावत के ऐसे सवाल के बाद नगर की राजनीति गर्मा गई है। 
वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष के आरोपों पर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र दिघर्रा ने पटलवार करते हुए कहा कि भितरवार अस्पताल में ग्राम मोहनगढ़ स्वास्थ्य केंद्र के दो डॉक्टर अटैच थे। जिला प्रशासन ने उनका अटेचमेंट खत्म कर जनता की मांग पर वापस भेजा है। उनका स्थानांतरण नहीं किया। जिला उपाध्यक्ष पार्टी की रीति नीति के विरुद्ध बोल रहे हैं। सार्वजनिक रूप से पार्टी ने नेता की आलोचना करना गलत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर द्वारा पूरे विधानसभा क्षेत्र में जो विकास कार्य कराए हैं। वे किसी से छुपे नहीं हैं। 18 माह के कार्यकाल विधायक ने विकास की गंगा बहा दी है। जो हर पार्टी कार्यकर्ता के लिए गर्व की बात है। वहीं श्री दिघर्रा ने कहा कि भितरवार अस्पताल में प्रशासन ने दो डॉक्टरों को पदस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष को अपनी बात पार्टी में रखनी थी। उनका क्षेत्रीय नेतृत्व पर तीखा प्रहार करना निंदनीय हैं।