कार पर नंबर की जगह विधायक, उपाध्यक्ष लिखी दो कारों के चालान काटे

Jun 15 2025

ग्वालियर। यातायात पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान एक सेल्टोस कार पकड़ी गई, जिसकी नंबर प्लेट की जगह पर विधायक लिखा हुआ था। पुलिस ने जब कार चालक से पूछताछ की, तो उसने खुद को भाजपा के पिछोर विधायक का रिश्तेदार बताया।
हालांकि, पुलिस ने वाहन नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना लगाया। इस दौरान चालक ने काफी देर तक पुलिस अधिकारियों से बहस भी की, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ और आखिरकार जुर्माना भरना पड़ा।
यातायात एएसपी कृष्णा लालचंदानी और एएसपी नरेशबाबू अन्नोटिया के मार्गदर्शन में कंपू थाना पुलिस ने औचक चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान एक सेल्टोस कार रोकी गई, जिसके आगे और पीछे कहीं भी रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था।
कार चालक ने पहले इसे भाजपा विधायक की कार बताया और फिर खुद को विधायक का रिश्तेदार बताया। बावजूद इसके, पुलिस ने नियमों के अनुसार जुर्माना लगाकर ही वाहन को छोड़ा।
चेकिंग के दौरान एक अन्य कार भी पकड़ी गई, जो दतिया के भाजपा नेता की बताई जा रही है। इस पर भी रजिस्ट्रेशन नंबर की जगह उपाध्यक्ष, जिला पंचायत दतिया लिखा हुआ था और भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल का फूल छपा हुआ था। पुलिस ने इस पर भी चालान किया। कार चालक ने कई बहाने बनाए और नेताओं से फोन भी करवाए, लेकिन पुलिस ने चालान किए बिना कार नहीं छोड़ी।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान ऐसे 23 वाहनों पर चालान किया, जिनके शीशों पर काली फिल्म चढ़ी हुई थी, जो कि कानूनन अपराध है। इसके अलावा एक वाहन पर अमानक हूटर, तीन वाहन बिना नंबर प्लेट और एक वाहन मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ पकड़ा गया।