अंबेडकर की मूर्ति के लिए सपा करेगी आंदोलन

Jun 14 2025

ग्वालियर। उच्च न्यायालय परिसर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर मूर्ति विवाद सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। इसमें राजनीतिक दलों की एंट्री से मामला और भी तूल पकड़ रहा है। भीम आर्मी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मूर्ति लगाने के पक्ष में आ गई हैं। समाजवादी पार्टी ने भी मूर्ति स्थापना का समर्थन करते हुए 25 जून तक मूर्ति स्थापित न होने की दशा में सडक़ों पर उतरकर आंदोलन करने की बात कही है।
सामाजिक न्याय सम्मेलन में शामिल होने ग्वालियर पहुँचे मध्यप्रदेश सपा अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने पत्रकारवार्ता में बताया कि समाजवादी पार्टी उच्च न्यायालय परिसर में डॉ अम्बेडकर मूर्ति स्थापना की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेगी। जिसमें सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन शामिल होंगे। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ग्वालियर आने की संभावना जताई है। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव और प्रदेश सचिव रणवीर यादव, महानगर अध्यक्ष राजेश यादव मौजूद रहे।