एमआईटीएस के कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया में 21 छात्र चयनित

Jun 13 2025

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान डीम्ड विश्वविद्यालय ग्वालियर के लिए यह गर्व का क्षण है क्योंकि सिविल इंजीनियरिंग विभाग के 21 अंतिम वर्ष के छात्र देश की अग्रणी निर्माण कंपनी बीएल कश्यप एंड संस लिमिटेड में चयनित हुए हैं।
एमआईटीएस डीम्ड यूनिवर्सिटी के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मौर्य ने बताया कि कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, समूह चर्चा और साक्षात्कार जैसे कई चरण शामिल थे। छात्रों ने अपनी तकनीकी समझ, व्यावहारिक दृष्टिकोण और समस्या समाधान क्षमताओं से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। संस्थान निरंतर पाठ्यक्रम में समय की माँग के अनुसार सुधार करती रहती है, ताकि संस्था के छात्र कौशल तथा व्यावहारिक विषय में अन्य संस्थानों के छात्रों से अग्रणी रहें। उसी का यह परिणाम है कि, एक साथ 21 विद्यार्थी एक प्रतिष्ठित कंपनी में चयनित हुए हैं।
यह सफलता एमआईटीएस डीम्ड विश्वविद्यालय के सिविल इंजीनियरिंग विभाग की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण का प्रमाण है। साथ ही, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के अथक प्रयासों से यह सिद्ध होता है कि संस्थान उद्योग और शिक्षा के बीच मजबूत पुल का कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर डीम्ड विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आरके पंडित ने कहा कि प्रतिष्ठित कंपनीज में विद्यार्थियों का चयन माधव प्रौद्योगिकी एवम विज्ञान संस्थान डीम्ड विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को और भी मजबूत करता है।