ग्वालियर चंबल संभाग के स्टोन क्रेशर संचालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

Jun 12 2025

ग्वालियर। ग्वालियर चंबल संभाग के स्टोन क्रेशर संचालकों ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। सैटेलाइट सर्वे और रॉयल्टी के नियमों में विसंगतियों के चलते मप्र के अधिकांश जिलों में स्टोन क्रेशर संचालक पहले से ही हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल में अब ग्वालियर और आसपास के जिलों के क्रेशर संचालक गुरुवार से हड़ताल पर चले गए।
 क्रेशर संचालकों का कहना है कि राजस्व विभाग द्वारा सैटेलाइट सर्वे से भूमि का सीमांकन किया जा रहा है, जबकि पहले यह कार्य पटवारी द्वारा चैन सर्वे किया जाता था। दोनों ही सर्वे में अंतर आ रहा है। सैटेलाइट सर्वे में खदान की वास्तविक स्थिति में अंतर आने के कारण पट्टेदारों के खिलाफ अवैध उत्खनन की प्रकरण बनाए जा रहे हैं। स्टोन क्रेशर संचालकों ने रॉयल्टी क्लीयरेंस की प्रक्रिया में भी सुधार की मांग की है।
एसोसिएशन का कहना है कि लोक निर्माण विभाग, एमपी आरडीसी  एवं अन्य सरकारी निर्माण विभाग सीधे कम मूल्य से रॉयल्टी की कटौती कर लेते हैं, जिससे सरकारी ठेकेदार खदानों से रॉयल्टी नहीं लेना चाहते। इस कारण उत्खनन पट्टेदार अवैध श्रेणी में आ जाते हैं। 
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उप्र में जाने वाली गिट्टी पर इंटर स्टेट ट्रांजिट पास लगाया जाता है। जिसके कारण मप्र की रॉयल्टी की डेंसिटी (सामान क्यूबिक मीटर से टन की मात्रा) 1.6 टन की जाए। इन समस्याओं के समाधान न होने के कारण, प्रदेश के इंदौर, भोपाल, धार, देवास, झाबुआ. अलीराजपुर, खंडवा, बुरहानपुर, आगर, शाजापुर सहित कई जिलों में स्टोन क्रेशर ओनर्स एरवेसिएशन ने अनिश्चितकालीन उत्पादन एवं विक्रय पूर्व में ही बंद कर दिया है।
बैठक में क्रेशर ओनर्स एरवेसिएशन के धर्मेंद्र सिंह कंसाना, बच्चन सिंह यादव, मुन्ना जैन, प्रतीक खंडेलवाल, रामनिवास शर्मा, आरसी जैन, अशोक सिंह यादव, रवि यादव, रिंकू परमार, शैलेंद्र सिंह यादव, अजय शर्मा, यशराज भंसाली, मुकेश जैन, मुरारी लाल शर्मा,  हेमंत शर्मा, मुकेश बिंदल,  मनोज सिंघल, अंशुल गोयल, राजकुमार मंगल, अंकुर गुप्ता, प्रवेश शर्मा एवं अन्य क्रेशर संचालक उपस्थित रहे।