बच्चों ने पहाड़ों का उच्चारण कर अपनी स्मरण शक्ति और गति का प्रदर्शन किया

Jun 12 2025

ग्वालियर। शासकीय केंद्रीय पुस्तकालय में चल रहे समर कैंप सीजन-दो में बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें पहाड़ा दौड़, शब्द मिलान प्रतियोगिता और ब्रेन टेस्ट शामिल किया गया, जिसमें 23 बच्चों ने भाग लिया। 
प्रतियोगिता की शुरुआत पहाड़ा दौड़ से हुई, जिसमें बच्चों ने गणितीय पहाड़ों का तेजी से उच्चारण कर अपनी स्मरण शक्ति और गति का प्रदर्शन किया। इसके बाद शब्द मिलान प्रतियोगिता में बच्चों ने शब्दों के सही मेल ढूंढकर भाषा कुशलता और एकाग्रता का परिचय दिया। अंत में हुए ब्रेन टेस्ट में बच्चों से तार्किक, गणितीय और, सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे गए, जिनका उत्तर बच्चों ने उत्साहपूर्वक दिया। 
इस अवसर पर पुस्तकालय प्रबंधक विवेक कुमार सोनी, ग्रंथपाल पूजा साहू, आकाश पाल, शिवम शर्मा, लक्ष्मी यादव, अनीता ओडिय़ा, अनिल प्रताप सिंह, कमल चामडिय़ा, सनत पाठक उपस्थित थे।