दबाव और तनाव के चक्रव्यूह में नहीं पढक़र अपनी तैयारी में पर ध्यान दें:दिव्यांशु चौधरी

Jun 07 2025

ग्वालियर। सीमा सुरक्षा बल द्वारा संचालित रूस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टैक्नोलॉजी में डबरा के एसडीएम दिव्यांशु चौधरी ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कठिन विषय की घड़ी में दबाव और तनाव के चक्रव्यूह में नहीं पढक़र अपनी तैयारी में पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिए जिससे सफलता सुनिश्चित की जा सके।
श्री चौधरी ने छात्रों को पिछले वर्षो में डबरा क्षेत्र में आई हुई बाढ़ तथा बाढ़ के बचाव कार्य प्रबन्धन में प्रशासन की भूमिका पर प्रकाश डाला तथा बताया की उस दौरान कुशल प्रशासकीय नेतृत्व एवं एजेंसियों के सहयोग से आपदा का सामना किया तथा पूरे क्षेत्र में मानवीय नुकसान केवल एक व्यक्ति का हुआ।
एसडीएम चौधरी ने डबरा स्थित अपना घर सामाजिक संस्थान में रह रहे मूक बधिर निवासियों के विषय में बताया की किस प्रकार आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ देने के प्रयास से आधार कार्ड के माध्यम से कई निवासियों को उनके बिछुड़े हुए परिजनों से मिलवाया गया। उन्होनें छात्रों को यह भी बताया कि किस प्रकार प्रशासनिक सेवायें आत्म संतुष्टि एवं समाज सेवा का अद्भूत अवसर प्रदान करती हैं। छात्रों द्वारा पूछे गये प्रश्नों के उत्तर में श्री चौधरी ने बताया कि राजनैतिक हस्तक्षेप कोई बाधा नहीं होकर समस्या के मूल तक पहुँचाने में प्रभावी होता है। उन्होंने सतत प्रयास, श्रम एवं दूर दृष्टि को सफलता का मूल मंत्र बताया। रूस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टैक्नोलॉजी के छात्र एवं छात्राओं से भरे हुए कौटिल्य सभागार में आयोजित इस व्याख्यान में संस्थान के मुख्य प्रशासक/डीआईजी एके आर्य एवं प्राचार्य/कमाडेंट सीएसएमटी मनीष चन्द्रा भी उपस्थित थे। एके आर्य ने पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर दिव्यांशु चौधरी का आभार व्यक्त किया।