रिमझिम बारिश ने मौसम में घोली ठण्डक

Jun 06 2025

ग्वालियर। प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह ग्वालियर में बारिश फिर धूप निकल आई, इसके बाद 10.15 बजे से फिर रिमझिम बारिश शुरु हो गई। बारिश होने से मौसम में ठण्डक घुल गई। इस कारण लोगों को शुक्रवार को भी गर्मी से राहत मिली। हालांकि बीच-बीच में धूप आ रही है और बादल भी छाये हुए हैं। प्रदेश में अगले चार दिन और बारिश का दौर जारी रह सकता है जबकि ग्वालियर में आज शनिवार को मौसम शुष्क रहेगा और तापमान भी बढ़ेगा, लेकिन हल्के बादल रह सकते हैं। मानसून के 10 जून तक प्रदेश में प्रवेश की संभावनाएं बन रही हैं। शुक्रवार सुबह जब लोग उठे तब तक हल्की बारिश हो चुकी थी, इस कारण तापमान में गिरावट आई है। ग्वालियर के साथ ही श्योपुर, मुरैना, पिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना और अशोकनगर में बारिश हो सकती है।
वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण मध्य पाकिस्तान से उत्तर पश्चिमी राजस्थान तक सक्रिय है। इसके अलावा एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण हरियाणा में सक्रिय है। वहीं एक ट्रफ दक्षिण छत्तीसगढ़ से बांग्लादेश तक बिहार व बंगाल के उत्तरी भाग से होते हुए मौजूद है। इन मौसम प्रणालियों के कारण अंचल में फिलहाल मौसम बदला हुआ है।