ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र पर श्रद्धालुओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

Jun 06 2025

ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की सहयोगी संस्था राजयोग एज्युकेशन एण्ड रिसर्च फाउंडेशन द्वारा माधवगंज स्थित प्रभु उपहार भवन में विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जो कि बीट प्लास्टिक पॉल्युशन अर्थात प्लास्टिक प्रदूषण को हराना थींम के अंतर्गत हुआ। कार्यक्रम के शुभारंभ में ब्रह्माकुमारीज लश्कर केंद्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के बारे में सभी को बताते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 5 जून को मनाया जाने वाला एक वैश्विक आयोजन है, जिसे संयुक्त राष्ट संघ द्वारा पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन और जागरूकता के उद्देश्य से प्रारंभकिया गया था।
इन आयोजनों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रदूषण नियंत्रण परं कार्यशालाएँ, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग में कमी, जल और ऊर्जा संरक्षण, शान्ति यात्राएँ, प्रदर्शनियाँ, प्रतियोगिताएँ, सेमिनार, पर्यावरण प्रदूषण को दूर करने के विषय पर संवाद तथा पर्यावरण कार्यकर्ताओं का सम्मान आदि गतिविधियाँ सम्मिलित हैं।
प्लास्टिक प्रदूषण से लडऩा अब विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता है। इस वर्ष की थीम बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन हमें एकजुट होकर प्लास्टिक मुक्त भारत की दिशा में कार्य करने का आह्वान करती है। भारत हर वर्ष लगभग 1.50 करोड़ टन प्लास्टिक कचरा उत्पन्न करता है, जिसमें से केवल 10 फीसदी ही पुनर्चक्रित हो पाता है। प्लास्टिक एक गैर-बायोडिग्रेडेबल पदार्थ है जो न केवल भूमि और जल को प्रदूषित करता है, बल्कि जलीय जीवों, पशुओं और मानव स्वास्थ्य पर भी घातक प्रभाव डालता है। कार्यक्रम में बीके डॉ गुरचरण सिंह, बीके पवन, बीके सुरभि, बीके रोशनी, बीके जीतू सहित संस्थान से जुड़े लगभग 400 से भी अधिक श्रद्धालु उपस्थित थे।